विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोट भ्रामरी मेले में मां नंदा के जयकारों से गूंजी कत्यूर घाटी, उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Published: Fri, 18 Sep 2026 02:40 PM (IST)

ऐतिहासिक कोट भ्रामरी मेले के दूसरे दिन कत्यूर घाटी मां नंदा के जयकारों से गूंज उठी, जहां भक्त मवई गांव ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, बागेश्वर। ऐतिहासिक एवं धार्मिक कोट भ्रामरी मेले के दूसरे दिन शुक्रवार को कत्यूर घाटी मां नंदा के जयकारों से गूंज उठी। नांगरा-निशाणों के साथ मां के भक्त मवई गांव से कदली वृक्ष लेकर मंदिर पहुंचे। इससे पहले मंदिर परिसर में मां नंदा अवतरित हुईं।

मां के अवतरित होते ही पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ मां का आशीर्वाद लिया।
परंपरा के अनुसार जखेड़ा और मवई गांव के परिहार खाम के लोग तथा मां नंदा के भक्त नांगरा-निशाणों के साथ मवई पहुंचे और वहां से कदली वृक्ष लेकर कोट भ्रामरी मंदिर आए।

नागनाथ मंदिर में भी कदली वृक्ष के साथ मां नंदा का अवतरण हुआ। इसके बाद मंदिर परिसर में कदली वृक्ष से मां नंदा की प्रतिमा यानी डिकरा का निर्माण किया गया।

इससे पूर्व राजस्व विभाग की टीम भगरतोला गांव पहुंची और वहां से मां नंदा के पारंपरिक आभूषण लेकर आई। प्रतिमा को आभूषणों से सजाया गया।

इसके बाद परिहार खाम की ओर से मां नंदा की विधिवत पूजा-अर्चना शुरू की गई। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और मां नंदा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

देवी स्तुति से शुरू हुआ सांस्कृतिक मंच, लोकगीतों पर झूमे दर्शक

कोट भ्रामरी मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी रंग जमा दिया। सांस्कृतिक मंच पर कार्यक्रमों की शुरुआत देवी स्तुति से हुई। लोक कलाकारों ने मां नंदा की स्तुति में गीत प्रस्तुत किए। लोक गायिका रितु लोहिया ने देवी वंदना के साथ अतिथियों के स्वागत में स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया भंडारे का प्रसाद

कोट भ्रामरी मेले में कुमाऊं ट्रैक यूनियन की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मेले में पहुंचे हजारों मेलार्थियों और श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।

विभागीय स्टालों पर जुटे मेलार्थी

कोट भ्रामरी मेले में विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाए गए। विभागीय कर्मचारियों ने मेलार्थियों को विभागीय योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी। स्टालों पर खरीदारी के लिए भी लोगों की भीड़ जुटी रही।

प्रदीप के भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु

छोटी जागरण की रात आयोजित भजन संध्या में श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में डूबे रहे। अलंकार मंडली के प्रदीप गुरूरानी ने भजनों की प्रस्तुति दी तो श्रद्धालु झूमने लगे। अन्य कलाकारों ने भी भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

यह भी पढ़ें- बागेश्वर में दिखा आस्था का सैलाब, मां भगवती के चरण कमलों के लिए नंगे पैर हिमालय से ब्रह्मकमल लाने निकले भक्त