विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागेश्वर: सरयू ने नहीं लौटाया मासूम राकेश, दूसरे दिन भी खाली हाथ लौटी रेस्क्यू टीम

Published: Wed, 22 Jul 2026 11:56 AM (GMT+05:30)

कपकोट में सरयू नदी में बहे मासूम राकेश सिंह का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लगातार ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, कपकोट । सरयू नदी में बहे मासूम का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका। लगातार चल रहे रेस्क्यू अभियान के बावजूद सफलता नहीं मिलने से स्वजन की चिंता और गहरा गई है। दादा रोती-बिलखती बहू को लेकर गांव लौट गए हैं, जबकि पिता भी छुट्टी लेकर घर पहुंच चुके हैं। पूरे गांव में बच्चे की सलामती के लिए लोग भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं।

सोमवार को कपकोट स्थित शिव मंदिर में मां के साथ दर्शन के लिए पहुंचे मासूम राकेश सिंह के सरयू नदी से पानी भरने के दौरान पैर फिसल गया था। देखते ही देखते वह तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमों ने देर शाम तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

नदी से पानी भरने के दौरान फिसल गया था पैर 

मंगलवार सुबह आठ बजे से अभियान दोबारा शुरू किया गया। पुलिस की तीन टीमों ने घटनास्थल से लेकर असों क्षेत्र तक नदी किनारे सघन सर्च अभियान चलाया। ड्रोन कैमरे की मदद से भी नदी और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की गई, लेकिन देर शाम तक मासूम का कोई पता नहीं चल सका।

सोमवार शाम लाहूर गांव से कपकोट पहुंचे मासूम के दादा अपनी बहू कमला को साथ लेकर गांव लौट गए। वहीं, महानगर में कार्यरत उसके पिता भी छुट्टी लेकर घर पहुंच गए हैं। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव के लोग उन्हें ढांढस बंधाने के साथ बच्चे के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। नदी का तेज बहाव और बरसात के कारण अभियान में कठिनाइयां आ रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी-नालों के किनारे जाने से बचें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।

यह भी पढ़ें- बागेश्वर: कपकोट में सरयू नदी में बहा 7 साल का मासूम, पानी भरते समय पैर फिसलने से हादसा