काफलीगैर में राजकीय महाविद्यालय खुलने को मिली मंजूरी, 18 पदों पर भर्ती की तैयारी
काफलीगैर में एक नया राजकीय महाविद्यालय खुलेगा, जिसके लिए शासन ने 18 पदों (13 नियमित, 5 आउटसोर्स) को मंजूरी दे ...और पढ़ें
-1790612851511_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। काफलीगैर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा की राह अब आसान होने जा रही है। शासन ने क्षेत्र में नवीन राजकीय महाविद्यालय की स्थापना और संचालन के लिए 18 पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है, जिसमें 13 नियमित और पांच आउटसोर्स पद शामिल हैं।
महाविद्यालय के खुलने से काफलीगैर और आसपास के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उच्च शिक्षा अनुभाग-चार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, महाविद्यालय में प्राचार्य का एक पद स्वीकृत किया गया है।
इसके अतिरिक्त, हिंदी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति शास्त्र और संस्कृत विषयों में सात सहायक प्राध्यापकों के पद सृजित किए गए हैं। इसके अलावा, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष, वरिष्ठ सहायक, कनिष्ठ सहायक और पुस्तकालय लिपिक समेत कुल 13 नियमित पद होंगे।
महाविद्यालय में बुक लिफ्टर, अनुसेवक, स्वच्छक और चौकीदार के पांच आउटसोर्स पद भी स्वीकृत किए गए हैं। काफलीगैर में महाविद्यालय की स्थापना और 18 पदों के सृजन की स्वीकृति पर विधायक पार्वती दास ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे काफलीगैर एवं आसपास के छात्रों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। यह कदम क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही शैक्षिक आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
