विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागेश्वर के गरुड़ में खराब मौसम से दो दिन से हेली सेवा बाधित, यात्री हुए परेशान, गुरना-ताछनी-बनकोट मार्ग पर यातायात भी ठप

Published: Fri, 09 Oct 2026 06:39 PM (GMT+05:30)

गरुड़ में पिछले दो दिनों से हेली सेवा खराब मौसम के कारण ठप है, जिससे हल्द्वानी और देहरादून जाने वाले ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. गरुड़ में हेली सेवा दो दिन से ठप, यात्री परेशान।

  2. खराब मौसम, वर्षा और धुंध बनी उड़ान में बाधा।

  3. मौसम साफ होने पर ही उड़ानें दोबारा होंगी शुरू।

संवाद सहयोगी, जागरण, बागेश्वर। यहां दो दिन से हेली सेवा ठप होने के कारण हल्द्वानी और देहरादून जाने वाले यात्री परेशान हैं। कत्यूर घाटी में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया। तेज हवाओं और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ मूसलधार वर्षा शुरू हो गई।

सुबह भी हल्के बादलों के बीच सूरज लुकाछिपी खेलता रहा। वर्षा, धुंध और कम दृश्यता के कारण उड़ानें नहीं हो सकीं। गुरुवार को मौसम ठीक था, लेकिन हल्द्वानी से हेली नहीं पहुंचा। देहरादून के लिए केवल एक उड़ान भरी गई।

लगातार वर्षा और खराब मौसम से हेली सेवा प्रभावित हो रही है। शुक्रवार को भी सेवा सुचारु न होने पर नरेंद्र सिंह, अजय पांडे, भुवन चंद्र, महेश भट्ट और भरत बिष्ट सहित यात्री कार और बस से हल्द्वानी रवाना हुए। हेलीपैड कर्मचारियों ने बताया कि शनिवार को मौसम साफ होने पर ही उड़ानें शुरू की जाएंगी।

दलदल में फंसीं गाड़ियां, गुरना-ताछनी-बनकोट मार्ग पर यातायात ठप

गुरना-ताछनी-बनकोट मोटर मार्ग पर दलदल में कई गाड़ियां फंसने से यातायात बाधित हो गया। पिछले दो घंटे से वाहन फंसे होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य जेठाई भारती रावत के अनुसार, मार्ग पर फंसे वाहनों में बागेश्वर और बनकोट की ओर जाने वाले यात्री भी हैं।

वाहनों के फंसने से यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान गुरना की ओर से संबंधित लोक निर्माण विभाग को सूचना दी गई है, लेकिन यात्री अब तक फंसे हुए हैं।

भारती रावत ने विभाग से फंसे वाहनों को निकालने और यातायात सुचारु कराने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों समेत यात्रियों के फंसे होने से उनकी परेशानी बढ़ रही है।

विभाग को जल्द मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति सुधारनी चाहिए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। अधिशासी अभियंता ऋषि वर्मा ने कहा कि वर्षा के कारण सड़क खराब हो रही है। इसे दुरुस्त किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बागेश्वर में बारिश से धान-घास की कटाई प्रभावित, किसानों की बढ़ी मुश्किल

यह भी पढ़ें- बागेश्वर से सीएम धामी का एलान: उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों में एआई, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक से जुड़ेगी शिक्षा