बागेश्वर विकास भवन मार्ग पर कूड़े का अंबार
जागरण संवाददाता बागेश्वर दीपावली पर्व के अवकाश के बाद नगर की सफाई व्यवस्था चौपट हो गई
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: दीपावली पर्व के अवकाश के बाद नगर की सफाई व्यवस्था चौपट हो गई है। विकास भवन मार्ग में कूड़े का अंबार लग गया है। वहीं कठायतबाड़ा में भी कूड़ेदान से कूड़ा नहीं हटने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने पालिका से जल्द से जल्द सफाई अभियान चलाने की मांग की है।
दिवाली पर्व पर करीब चार दिन तक पालिका का कामकाज भी प्रभावित रहा हालांकि पर्यावरण मित्रों ने नगर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। लेकिन डंपिग जोन से कूड़ा नहीं हटने से वह अंबार लग गया है। इसके अलावा आतिशबाजी के सामान आदि से भी कूड़े में इजाफा हुआ है। सैंज में विकास भवन रोड पर कूड़े का अंबार लगा हुआ है। इसके अलावा नाली कूड़े से लकदक है। यहां पास ही बच्चों को स्कूल है। कई आवासीय मकान भी हैं। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अतिरिक्त भागीरथी नाला भी कूड़े के ढेर में तब्दील होता जा रहा है। अन्य क्षेत्रों में भी नालियो में गंदगी होने से लोग परेशान हैं। स्थानीय हरीश पांडे, जीवन चंद्र, महेश कुमार, भूपेंद्र सिंह आदि ने नगरपालिका से जल्द नालियों की सफाई करवाने की मांग की है। इधर, ईओ राजदेव जायसी ने कहा कि कर्मचारियों को पूरे नगर की नालियों को साफ करने के निर्देश दे दिए हैं। एक-दो दिन में परेशानी हल हो जाएगी।