पुस्तकालय में हाई स्पीड की निश्शुल्क नेट सेवा प्रारंभ
बागेश्वर जिले में गरुड़ सिविल सोसायटी की ओर से संचालित सार्वजनिक पुस्तकालय में निश्शुल्क हाई स्पीड नेट सेवा का शुभारंभ किया गया।
संवाद सूत्र, गरुड़: गरुड़ सिविल सोसायटी की ओर से संचालित सार्वजनिक पुस्तकालय में निश्शुल्क हाई स्पीड नेट सेवा का शुभारंभ हो गया है। सोसायटी के अध्यक्ष एडवोकेट डीके जोशी ने इसका शुभारंभ किया। कहा कि गरीब तबके के लोग इसका लाभ उठा सकते हैं।
इस दौरान डीके जोशी ने कहा कि आज अधिकांश कार्य आनलाइन संपादित किए जा रहे हैं। कोरोनाकाल में आनलाइन के माध्यम से ही स्कूली बच्चों की पढ़ाई चल रही है। इसके लिए नेट सेवा का होना जरुरी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पुस्तकालय में पुस्तकों को पढ़ने के साथ-साथ युवा फ्री नेट सेवा व फोटो स्टेट का लाभ भी उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में कंप्यूटर की भी सुविधा है। युवक व युवतियां यहां पर आकर प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म भी भर सकते हैं।उन्होंने क्षेत्र के युवाओं से नि:शुल्क सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
इस दौरान पुस्तकालय के अध्यक्ष सीएस बड़सीला, प्रकाश पांडे, भारतेंदु विमल जोशी, भाष्कर जोशी आदि मौजूद थे।