द्वारिकाछीना के पास फिर दरकी पहाड़ी
जासं बागेश्वर गिरेछीना मोटर मार्ग फिर दरकने लगा है। जिससे करीब तीन घंटे तक यातायात बा
जासं, बागेश्वर: गिरेछीना मोटर मार्ग फिर दरकने लगा है। जिससे करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। मार्ग में बार-बार भूस्खलन होने से लोग परेशान हो गए हैं।
द्वारिकाछीना के पास 29 सितंबर को पहाड़ी धंसने से भूस्खलन हुआ था। जिससे पूरे 16 दिन तक यातायात ठप रहा। जेसीबी मशीन से काम नहीं होने पर लोनिवि ने पोकलैंड को वहां तैनात किया। जिसके बाद सड़क खोली जा सकी। हालांकि अब भी पहाड़ी से भूस्खलन हो रहा है। जिससे यातायात बाधित हो रहा है। बुधवार की सुबह करीब 11 बजे एक बार फिर पहाड़ी से भूस्खलन के साथ भारी मात्रा में मलबा गिरा। जिससे पूरी सड़क पट गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पैदल आने-जाने वालों के लिए भी रास्ता ठप हो गया। लोनिवि के भूस्खलन को देखते हुए मशीन को वहीं पर तैनात किया है। जिससे तत्काल कर्मचारी सड़क खोलने में जुट गए। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सड़क से मलबा हट सका और वाहनों की आवाजाही सुचारु हुई। इधर, लोनिवि के ईई यूसी पंत ने बताया कि सड़क में कभी कभार भूस्खलन हो रहा है। जिसे देखते हुए वहां पर जेसीबी और पोकलैंड तैनात की गई है। जिससे तत्काल कर्मचारियों ने मलबा हटाकर सड़क को खोल दिया।