बाइपास हवा में, शहर में जाम का झाम
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: शहर में जाम के झाम से लोग परेशान होने लगे हैं। बाइपास सड़कें
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: शहर में जाम के झाम से लोग परेशान होने लगे हैं। बाइपास सड़कें सिर्फ कागजों में हैं। अब उत्तरायणी मेले के दौरान बाइपास प्रशासन को याद आएंगे। शहर में लग रहे जाम से लोगों में भारी रोष है और उन्होंने अब आंदोलन की चेतावनी दी है।
नगर के परिसीमन के बाद करीब 40 किमी दायरा बढ़ गया है। जबकि सड़कें पुरानी और संकरी हैं। बाइपास सिर्फ कागजों में दौड़ रहे हैं। पांच किमी के दायरे में दुकान, बस स्टेशन, ट्रैफिक पुलिस, टैक्सी स्टैंड आदि चल रहे हैं, जिससे नगर में जाम की स्थिति पैदा हो गई है। द्यांगण-आरे बाइपास के हालत बेहद खराब हैं। यहां सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं। यहां वाहनों का संचालन एक तरह से बंद हो गया है।
उत्तरायणी मेले के दौरान जिला प्रशासन को यह मार्ग जरूर याद आएगा और अफरातफरी में गड्ढे भरे जाएंगे। इसके बाद उस पर डामरीकरण होगा और वह एक माह में फिर से गड्ढे में तब्दील हो जाएगा। यहीं हाल मंडलसेरा-भागीरथी बाइपास का भी है। वाहन मुख्य बाजार में ही घूम रहे हैं, जिससे दिन में कई बार जाम लग रहा है। व्यापारी भूपेंद्र जोशी, भुवन चौबे, नगारिक मंच के अध्यक्ष पंकज पांडे आदि ने कहा कि नगर का क्षेत्र बढ़ गया है और टैक्सी स्टैंड शहर से दूर होने चाहिए। जिससे शहर फैलेगा और लोगों को सुविधाएं भी मिलेंगी। इधर एसपी मुकेश कुमार ने कहा कि जाम से निपटने के लिए बाइपास सड़कों का खोला जाना जरूरी है। इसके लिए जिलाधिकारी से वार्ता की जाएगी।