प्रवासियों को ला रही बस दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, 12 घायल
पुणे से प्रवासियों को गरुड़ बागेश्वर लेकर आ रही एक बस गूना (मध्यप्रदेश) में क्षतिग्रस्त हो गई।
संवाद सूत्र, गरुड़: पुणे से प्रवासियों को गरुड़, बागेश्वर लेकर आ रही एक बस गूना (मध्यप्रदेश) के पास दुर्घनाग्रस्त हो गई। घटना में एक युवक की मौत हो गई जबकि 12 लोग घायल हो गए। घायलों का वहीं के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
10 घायल बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील के निवासी है।
लॉकडाउन के चलते पुणे में फंसे गरुड़ के विभिन्न गांवों के लोग गुरुवार की देर रात एक ट्रेवलर बस संख्या एमएच 12 एचबी 1409 में सवार होकर अपने घरों को लौट रहे थे। तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से गुना, मध्यप्रदेश में ट्रेवलर की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। जिससे ट्रेवलर में बैठे 14 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान गरुड़ तहसील के ज्वणास्टेट निवासी नंदन सिंह नेगी उम्र 35 वर्ष पुत्र दीवान सिंह की मौत हो गई जबकि अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। भाजपा के जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट घटना के बाद से लगातार मध्यप्रदेश प्रशासन से घायलों की जानकारी ले रहे हैं और वहां घायलों को अपने संपर्क सूत्रों से हरसंभव मदद पहुंचा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मृतक नन्दन सिंह के शव को उनके गांव लाया जा रहा है।
--दुर्घटना में घायल--
- दिनेश सिंह ( 40 ) पुत्र खिलाफ सिंह , निवासी पय्या
- विमला ( 35) पत्नी दिनेश सिंह, निवासी पय्या
- रोशनी ( 19 ) पुत्री दिनेश सिंह निवासी पय्या
- गौरव ( 18 ) पुत्र दिनेश सिंह निवासी पय्या
- ध्यान सिंह ( 35 ) पुत्र रतन सिंह निवासी डाक
- कपिल ( 40 ) पुत्र आत्माराम, निवासी ज्वणास्टेट
- महेश ( 28 ) प्रताप सिंह निवासी कुलाऊ
- खड़क सिंह ( 38 ) पुत्र बलवंत सिंह, निवासी कुलाऊ
- लक्ष्मण ( 19 ) पुत्र विजय सिंह , निवासी कुलाऊ
- गिरीश सिंह ( 27 ) पुत्र भगवान सिंह बोरा, निवासी मैगड़ीस्टेट