गांवों के विकास में भाजपा व कांग्रेस विफल
गांवों के विकास में भाजपा व कांग्रेस को विफल बताते हुए उक्रांद के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष व पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि उक्रांद अब नये तेवर के साथ जनता के बीच में जाएगा।
संस, चौखुटिया: गांवों के विकास में भाजपा व कांग्रेस को विफल बताते हुए उक्रांद के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष व पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि क्षेत्रीय ताकत उक्रांद ही गांवों के समग्र विकास में सक्षम है। उन्होंने क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्वाली गांव में आयोजित ग्रामीणों की बैठक में पलायन व बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दों पर भी सियासी पार्टियों को घेरा।
पूर्व विधायक ने कहा कि राष्ट्रीय दलों के पास बेराजगार युवाओं के रोजगार की कोई ठोस नीति नहीं है। उन्होंने लोगों से उक्रांद से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस परिकल्पना के साथ पृथक उत्तराखंड राज्य की मांग की गई, वह आज भी अधूरी है। पुष्पेश ने कहा कि दोनों पार्टियों से आम जनता का मोहभंग हो रहा है। ऐसे में क्षेत्रीय दल उक्रांद के प्रति उनका तेजी से रूझान बढ़ा है। गांव गांव में लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने स्थान स्थान पर लोगों की समस्याएं सुनी तथा समाधान हेतु अपने सुझाव व आश्वासन दिए। मुख्य रूप से लोगों ने सड़क की मांग रखी।अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यो को भी गिनाया। स्वरोजगार के सवाल पर प्रवासी युवाओं के साथ चर्चा की। बैठक के दौरान कई लोगों ने उक्रांद की सदस्यता भी ली।
बैठक में आनंद सिंह किरौला, मनोज तड़ियाल, पंकज बिष्ट, चंदन सिंह, राहुल जोशी, योगेश, लाल सिंह, पदम सिंह, शिव सिंह, किशन सिंह, कमल सिंह, कुंदन सिंह, कमला देवी, नवीन मेहरा, पूरन सिंह, पीएस रावत, दीपक सिंह मेहरा, दीवान सिंह, दुर्गा सिंह, गणेश सिंह, जसोदा देवी व लीला देवी आदि मौजूद थे। इससे पूर्व गनाई गांव में जनसंपर्क किया।