बाइक-बोलेरो भिड़े, हादसा टला
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : कलक्ट्रेट रोड जानलेवा बनी हुई है। घनचक्कर मोड़ रोज हादसे क
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : कलक्ट्रेट रोड जानलेवा बनी हुई है। घनचक्कर मोड़ रोज हादसे को दावत दे रहे हैं। जिससे अधिकतर लोग वाहन से कलक्ट्रेट जाने के बजाए करीब एक किमी की चढ़ाई पैदल नाप रहे हैं। सोमवार की सुबह बाइक और बोलेरो में भिड़ंत हो गई। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। कई हादसे के बाद लोगों ने मोटर मार्ग का अलाइमेंट बदलने की मांग शुरू कर दी है।
कलक्ट्रेट को जोड़ने वाली सड़क का अलाइमेंट पहले से खराब है। जिसको लेकर कई बार चर्चाएं भी हुई, लेकिन सड़क में डामकर बिछाकर पक्का कर दिया गया। चढ़ाई और उस पर भयानक मोड़ चालक भी कई बार चूक जाते हैं। सोमवार सुबह मालता की तरफ से बाइक नगर की तरफ आ रही थी और एक बोलेरा कलक्ट्रेट की तरफ जा रही थी। मोड़ पर दोनों वाहन से नियंत्रण खो बैठे और बाइक सीधे बोलेरो से टकरा गई। बोलेरो चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और वाहन रोक दिया। घटना में बाइक सवार युवक पूरन और महेश को हल्की चोटें आईं। गांव गरीब महिला उत्थान मंच के संस्थापक विशन टंगड़िया, मानवाधिकार संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एनबी भट्ट, सवाल संगठन के रमेश कृषक पांडे, भास्कर तिवारी आदि ने कहा कि कलक्ट्रेट रोड जानलेवा बनी हुई है। सड़क का अलाइमेंट बदलना जरूरी हो गया है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो कभी भी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं घटित हो गई हैं।