बागेश्वर कोतवाली पुलिस ने 10 वाहन किए सीज, एक बाइक जब्त
शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोला हुआ है।
जासं, बागेश्वर : शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोला हुआ है। बुधवार को भी कोतवाली और यातायात पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। दोपहिया वाहनों पर शिकंजा कसा और दस वाहन सीज किए गए हैं, जबकि लावारिस हालत में खड़ी एक मोटर साइकिल को जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर पुलिस ने नगर में अभियान चलाया और दोपहिया वाहनों में बिना हेलमेट के चल रहे चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। शराब के नशे में वाहन चलाने पर दस वाहनों को सीज किया गया। कोतवाल तिलक राम वर्मा ने बताया कि होली पर्व को देखते हुए असामाजिक तत्वों व हुड़दंग करने वालों व शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। आठ वाहनों को एमवी एक्ट, दो को शराब पीकर वाहन चलाने पर सीज कर दिया गया है। अन्य छह वाहनों से 2700 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया। गरुड़ टैक्सी स्टैंड पर वाहन संख्या यूके02-टीए-0299 (टैक्सी) के चालक को छत पर सवारी बैठाकर ले जाने, खुद शराब का सेवन करने के अपराध में वाहन चालक गोविद सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उसके विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 52/19 अंतर्गत धारा 279/336 व 50/117, 185, 207 में मामला दर्ज किया गया है। तहसील रोड पर खड़ी मोटर साइकिल यूए-02-1048 लावारिस हालत में खड़ी थी जिसे जब्त किया गया है।