अनलॉक-वन के दूसरे दिन शहर में चहल-पहल
बागेश्वर में अनलॉक-1 के दूसरे दिन लोग घरों से बाहर निकल आए। काफी भीड़ देखी गई।
जासं, बागेश्वर: अनलॉक-1 के दूसरे दिन लोग घरों से बाहर निकल आए। बाजार में खासी चहल-पहल रही। अस्पतालों का भी लंबे समय बाद लोगों ने रुख किया। डाक्टरों को सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक फुरसत नहीं मिली। अलबत्ता लोग अब कोरोना को हराने के लिए पूरे इंतजाम भी करने लगे हैं।
कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव और रोकथाम के लिए अनलॉक-1 घोषित किया गया है। लोग अब जरूरी काम के लिए बाजार आदि निकलने लगे हैं। हालांकि बाजार चार बजे ही बंद हो रहा है। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग मायूस हो रहे हैं। मालूम हो जिले के तमाम गांवों में अभी भी यातायात व्यवस्था पटरी पर नहीं आई है। टैक्सी वाले भी शारीरिक दूरी बनाते हुए कम सवारियां ढो रहे हैं। जिससे टैक्सियों का किराया भी बढ़ गया है। जबकि केएमओयू की बसों का संचालन भी ठप है। जिससे गांवों से आने वाले लोग बाजार का रुख कम कर रहे हैं। महीने में एक दिन बाजार आकर सामान आदि खरीद रहे हैं। मंगलवार को अनलॉक-वन के दूसरे दिन बैंक, एटीएम, बाजार और अस्पतालों में भीड़ रही। जिला अस्पताल में अनलॉक-1 के दूसरे दिन करीब ढ़ाई सौ ओपीडी हुई। डा. राजेंद्र उपाध्याय ने बताया कि मौसम बदलने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को गरम पानी पीने, बांसी भोजन नहीं करने, मास्क लगाने और शारीरिक दूरी बनाए रखने टिप्स दिए जा रहे हैं।