न सरकारी बजट... न मजदूरी की दरकार, राम के नाम पर हर साल बनता है 30 मीटर लंबा पुल
बागेश्वर की लाहुरघाटी में ग्रामीण हर साल रामलीला के लिए 30 मीटर लंबा लकड़ी का अस्थायी पुल बनाते हैं। यह ...और पढ़ें

लाहुरघाटी में दो दशक से कायम है आस्था और सामूहिक श्रम की अनूठी परंपरा। Jagran

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
घनश्याम जोशी, बागेश्वर। भगवान राम की सेना को समुद्र पार कराने के लिए रामसेतु निर्माण की कथा तो सभी ने सुनी है, लेकिन बागेश्वर की लाहुरघाटी में आस्था और सामूहिक श्रम से हर साल एक अनूठा सेतु तैयार होता है।
यहां रामलीला देखने के लिए ग्रामीण लाहुर नदी पर लकड़ी का अस्थायी पुल बनाते हैं। न इसके लिए सरकारी बजट मिलता है और न किसी को मजदूरी दी जाती है। राम के प्रति श्रद्धा और सामुदायिक सहयोग की यह परंपरा करीब दो दशक से लगातार निभाई जा रही है।
दाड़िमखेत गांव के पास लाहुर नदी पर ग्रामीण करीब 30 मीटर लंबा और दो मीटर चौड़ा लकड़ी का पुल तैयार करते हैं। अक्टूबर में शुरू होने वाली इस कवायद में 25 से 30 युवा जुटते हैं। बुजुर्गों के अनुभव और देखरेख में जंगल में गिरे चीड़ के पेड़ों के तनों से मोटे तख्ते तैयार किए जाते हैं।
इन्हें करीब चार किलोमीटर दूर से नदी के बहाव के साथ बहाकर लाया जाता है। इसके बाद रस्सियों की मदद से किनारे खींचकर निर्धारित स्थान पर बांधा जाता है। सामूहिक मेहनत से तैयार यह पुल रामलीला के साथ आसपास के गांवों के आवागमन का भी जरिया बन जाता है।
रामलीला देखने वालों का डेढ़ किलोमीटर का चक्कर बचाता है पुल
दाड़िमखेत में वर्ष 1990 में रामलीला की शुरुआत हुई थी। उस समय आनंद सिंह परिहार रामलीला कमेटी के अध्यक्ष बने। तब उन्होंने रामलीला देखने आने वाले ग्रामीणों की सुविधा के लिए लाहुर नदी पर लकड़ी का पुल बनाने की पहल की। करीब दस वर्ष तक कमेटी के अध्यक्ष रहे आनंद सिंह की शुरू की गई यह परंपरा आज भी जारी है।
ग्रामीणों को दूसरे पुल से होकर आने पर करीब डेढ़ किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जबकि अस्थायी पुल से रामलीला मैदान और सड़क तक पहुंचना आसान हो जाता है।
दर्जनभर गांवों के दस हजार लोगों को सुविधा
इस पुल से दाड़िमखेत, सलानी, जखेड़ा, गनीगांव, खुमटिया, जाख, हड़बाड़ और पंद्रहपाली समेत एक दर्जन गांवों की करीब दस हजार आबादी को सुविधा मिलती है। रामलीला के दौरान प्रतिदिन 500 से एक हजार तक लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। बरसात शुरू होने तक यह वैकल्पिक रास्ता बना रहता है। नदी का जलस्तर बढ़ने पर पुल बह जाता है और अगले वर्ष ग्रामीण फिर इसके निर्माण में जुट जाते हैं।
रामभक्त बनकर युवाओं की सक्रिय भूमिका
ग्रामीण दयाल सिंह दोसाद, हिमांशु परिहार, पवन दोसाद, योगेश दोसाद, कैलाश परिहार और ग्राम प्रधान गुड़िया दोसाद समेत कई लोग इस कार्य में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। गांव में करीब 500 मीटर की दूरी पर 36 मीटर लंबा लोहे का पैदल पुल भी बना है। ग्रामीण स्थायी पुल की मांग नहीं कर रहे हैं।
नदी में पानी कम होने के दौरान युवा आवागमन करने वालों की सुरक्षा के लिए भी तत्पर रहते हैं। उनके लिए यह पुल केवल रास्ता नहीं, बल्कि राम के प्रति आस्था और गांव की एकजुटता का प्रतीक है। - प्रमोद जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।