108 आपातकालीन सेवा नहीं मिली, घर पर जना बच्चा
जागरण संवाददाता बागेश्वर आपातकालीन सेवा 108 ठप होने से एक बार फिर जच्चा-बच्चा की जान खतर
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : आपातकालीन सेवा 108 ठप होने से एक बार फिर जच्चा-बच्चा की जान खतरे में पड़ गई। प्रसव पीड़िता ने घर पर ही बच्चे को जन्म दिया। सरकारी महकमों की इस लापरवाही से परिजनों व आम लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
शुक्रवार की देर रात करीब एक बजे नीमा देवी पत्नी नवीन कुमार निवासी घटबगड़ को प्रसव पीड़ा हुई। उनकी माता च्योग्याणी देवी ने रात में आपातकालीन सेवा 108 को फोन किया। पहले तो काफी देर तक फोन नहीं लगा। उसके बाद जब फोन लगा तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास प्राइवेट वाहन खोजा लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद नीमा ने घर पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। जच्चा-बच्चा को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। घटना के बाद से परिजन सरकारी महकमों की कार्यप्रणाली से आहत हैं। व्यापार संघ के नगर अध्यक्ष हरीश सोनी ने कहा कि सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। जब तक दूसरी व्यवस्था नहीं हो जाती तब तक उन्होंने आम लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था देनी चाहिए।
----------------
जिला अस्पताल में दो एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। 108 सेवा के कर्मियों के काम ना करने से दिक्कत आ रही है। एक मई से व्यवस्था में सुधार आएगा।
-डॉ. जेसी मंडल, मुख्य चिकित्साधिकारी, बागेश्वर