रस्सी से लटका मिला महिला का शव, हत्या का आरोप
द्वाराहाट में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गर्इ। महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
द्वाराहाट, [जेएनएन]: पटवारी क्षेत्र छबीसा में विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्षा का कहना है कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। जबकि महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
द्वाराहाट के पटवारी क्षेत्र छबीसा के सती नौगांव की भगवती जोशी का शव घर के अंदर रस्सी से लटका मिला। मृतका के पति दीप चंद्र जोशी ने इसकी सूचना पत्नी के मायके स्याल्दे के कैहड़गांव में दी। घटना की सूचना पर मायके वाले रात करीब दस बजे सती नौगांव पहुंचे। हालातों को देखने के बाद मायका पक्ष ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया। मृतका के पति और सास पर हत्या का आरोप लगा राजस्व पुलिस को तहरीर सौंपी है।
मृतक महिला के पिता रमेश चंद्र तेवाड़ी के अनुसार पति दीप चंद्र और सास बचुली देवी सालों से भगवती के साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि गत मंगलवार को दिन में 12 बजे तक भगवती से फोन पर बात हुई तो उसने सब कुशल होने की बात कही। बाद में उसके पति द्वारा भगवती की हालत गंभीर होने और कुछ समय बाद फांसी लगाकर मृत्यु हो जाने की सूचना दी।
उन्होंने ये भी आरोप लगाया है कि मृतक महिला के बच्चों को भी गुमराह किया गया है। राजस्व उप निरीक्षक हेमंत नेगी ने शव का पंचनामा कर पोस्टमाटर्म के लिए रानीखेत भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: महिला दारोगा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कमरे से मिले दो सुसाइड नोट
यह भी पढ़ें: बीमारी से परेशान युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
यह भी पढ़ें: घर में अकेली छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या