छोड़िए जापान के चेरी ब्लॉसम, अब देखिए भारत का अपना 'पदम महोत्सव'
उत्तराखंड में जापान के चेरी ब्लॉसम की तर्ज पर 'पदम महोत्सव' को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है, जिसका उद्देश्य हिमालयी चेरी (पदम) का संरक्षण और संवर्धन करना है। यह महोत्सव धार्मिक, औषधीय और सांस्कृतिक महत्व वाले इस दिव्य वृक्ष के प्रति नई पीढ़ी में आस्था जगाने और पर्यावरण पर्यटन को बढ़ावा देने की एक अनूठी पहल है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
दीप सिंह बोरा, रानीखेत। उच्च हिमालय के दिव्य वृक्ष भोजपत्र की भांति धार्मिक व औषधीय महत्व वाले पदम (पयां या पईं) के संरक्षण और संवर्धन को कदम बढ़ा लिए गए हैं।
चूंकि पर्वतीय लोक संस्कृति में पदम खास स्थान रखता है, इसीलिए नई पीढ़ी में इस देववृक्ष के प्रति आस्था का पुनर्जागरण और पेड़ों के प्रति लगाव जगाने के उद्देश्य से जापान के विश्वप्रसिद्ध चेरी ब्लासम उत्सव की तर्ज पर उत्तराखंड में पदम महोत्सव को नया व भव्य स्वरूप देने के प्रयास तेज हो गए हैं।
विद्यालयों के बच्चों, ग्रामीणों, शोधार्थियों व जनमानस को पदम महोत्सव से जोड़ने की अनूठी पहल की जा रही है। ताकि मौन पालन व परागण से कृषि बीजों की गुणवत्ता सुधार में मददगार पदम (हिमालयन चेरी) को देश दुनिया में अलग पहचन दिलाई जा सके।
उत्तराखंड में पदम महोत्सव के जनक वन अनुसंधान केंद्र कालिका (रानीखेत) ने बीते वर्ष पदम महोत्सव का श्रीगणेश किया था। अब इसे पर्यावरण पर्यटन से जोड़ ग्रामीणों और विद्यार्थियों को महोत्सव का हिस्सा बना अगले सीजन में वृहद रूप देने का खाका खींच लिया गया है। इस बार रानीखेत के साथ ही राज्य के पांच स्थलों (ज्योलीकोट) गाजा (नैनीताल), पिथौरागढ़, उत्तरकाशी तथा गोपेश्वर (गढ़वाल) में महोत्सव मनाया जा रहा है।
ग्राम उद्यान से संवरेगी आर्थिकी
वन क्षेत्राधिकारी राम सिंह जेठा के अनुसार, सैलानियों व शोधार्थियों को आकर्षित करने को पदम ट्रेल वाक व सेल्फी प्वाइंट्स बनाए जा रहे। गांवों में पैदल रास्तों व बंजर भूमि पर पदम के पौधे लगा ग्राम पदम उद्यान तैयार किए जा रहे। जो मौन पालन के जरिये ग्रामीणों की आजीविका का साधन बन सकते हैं। साथ ही शानदार परागण से फल, सब्जियों व अन्य फसलों के बीजों की गुणवत्ता भी बेहतर हो सकेगी।
इसलिए है विशेष वनस्पति
मंदिरों व विवाह मंडप के तोरणद्वार तथा दुल्हन की डोली पदम की टहनियों व पत्तियों से सजाने की पौराणिक परंपरा। होलीकोत्सव में चीर बंधन, कलशयात्रा, गृहप्रवेश, धार्मिक अनुष्ठान समेत सभी मांगलिक कार्यों व संस्कारों में उपयोगी। पदम (प्रूनस सेरासोइड्स) समुद्रतल से 1200 से 2400 मीटर की ऊंचाई तक उत्तराखंड, हिमाचल, चीन व वर्मा में मिलता है।
औषधीय गुणों का खजाना
अनुसंधान अधिकारी मनोज सिंह के अनुसार पदम में मौजूद सकुरानेटिन, प्रुनेटिन, जेनिस्टीन व नारिनजेनिन रासायनिक तत्व ताकतवर एंटी आक्सीडेंट हैं। छाल में पाए जाने वाला आइसोफ्लेवोंस हड्डियां मजबूत कर ऊतकों की मरम्मत करता है।
ग्लाइकोसाइड्स दर्द निवारक व रोगाणुरोधी। फलों में मौजूद टैनिन व फेनोलिक एसिड त्वचा रोग व संक्रमण रोकने व घावों को भरने में सहायक। बीटा सिटोस्टेराल प्रतिरोधी क्षमता बढ़ाता है।
पर्वतीय लोक संस्कृति से जुड़़ा पदम मित्र वृक्ष भी है। आबादी व खेतखलिहानों के आसपास ही उगता है। वन क्षेत्रों में कम ही मिलता है। पलायन के कारण संरक्षण की जरूरत है। भविष्य में पदम महोत्सव को आमजन से जोड़ बड़ा रूप देने की योजना है। - विवेक तिवारी, डीएफओ वन वर्द्धनिक कुमाऊं’
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।