उत्तराखंड की सियासत में 'पति-पत्नी और वो' का नया ड्रामा, कैबिनेट मंत्री के पति और पुराने विवादों से फिर गरमाई राजनीति
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून में FIR दर्ज कराई है, ...और पढ़ें

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य।
HighLights
मंत्री रेखा आर्य ने पति पर गंभीर आरोप लगाए।
पति गिरधारी साहू के पुराने विवाद फिर चर्चा में।
उत्तराखंड की राजनीति में पारिवारिक विवाद से हलचल।
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। पति-पत्नी के बीच विवाद हो और उसकी चर्चा सुर्खियों में न आए, ऐसा कम ही होता है। लेकिन मामला जब सत्ता के गलियारों से जुड़ा हो तो उसकी गूंज दूर तक सुनाई देती है। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के बीच विवाद ने इन दिनों प्रदेश का सियासी पारा चढ़ा दिया है।
मंत्री की ओर से पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद यह पारिवारिक विवाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है। विधानसभा चुनाव से पहले सामने आए इस घटनाक्रम ने पुराने विवादों को भी फिर सुर्खियों में ला दिया है।
रेखा आर्य ने देहरादून के कैंट थाने में दर्ज प्राथमिकी में पति पर पहली शादी की बात छिपाकर विवाह करने, शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न, मारपीट, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए अपनी और बच्चों की हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप भी लगाया गया है। इन आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी। गिरधारी लाल साहू के पूर्व पारिवारिक संबंधों और अन्य महिलाओं से जुड़े प्रसंगों की चर्चा पहले भी मीडिया रिपोर्टों में होती रही है। अब मंत्री की शिकायत के बाद ये पुराने मामले फिर चर्चा में हैं।
पहली शादी और बेटे का भी आया था मामला
जनवरी 2022 में प्रकाशित मीडिया रिपोर्टों में गिरधारी लाल साहू ने रिंकू साहू को अपना पुत्र बताया था। रिपोर्टों के अनुसार, रिंकू बरेली में साहू समाज की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। एक सम्मेलन में बिना अनुमति भीड़ जुटाने के आरोप में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने की खबरें भी प्रकाशित हुई थीं। पुराने समाचारों में सामने आए इस प्रसंग ने साहू के पारिवारिक संबंधों को लेकर चर्चा को हवा दी थी।
किडनी प्रकरण में भी आया था पहली पत्नी का नाम
गिरधारी लाल साहू ने पूर्व में वैजयंती माला का उल्लेख अपनी पहली पत्नी के रूप में किया था। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने कहा था कि नरेश चंद्र गंगवार ने उनकी पत्नी को किडनी दान की थी। दूसरी ओर, नरेश गंगवार की ओर से किडनी निकाले जाने को लेकर शिकायत किए जाने की खबरें सामने आई थीं। साहू ने उस समय आरोपों को नकारते हुए इसे सहमति से किया गया दान बताया था।
दस्तावेजों में पति के नाम को लेकर भी उठा था विवाद
सितंबर 2024 में बरेली से जुड़े एक अन्य मामले की भी मीडिया में चर्चा हुई थी। रेखा आर्य की ओर से लगाए गए आरोपों के अनुसार, कल्पना मिश्रा नाम की महिला ने आधार कार्ड और पासपोर्ट जैसे दस्तावेजों में गिरधारी लाल साहू को अपना पति बताया था। उस मामले में पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू किए जाने की खबरें प्रकाशित हुई थीं।
अब रेखा आर्य की ओर से पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद पुराने प्रसंग फिर चर्चा में हैं। फिलहाल, प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों और पुराने विवादों से जुड़े तथ्यों की वास्तविक स्थिति जांच व संबंधित अभिलेखों से ही स्पष्ट होगी।
