वन वे पर रोका तो गांधी चौक पर हंगामा
पर्यटन नगरी के मुख्य बाजार में खूब हंगामा हुआ। वन वे व्यवस्था को धता बता कार सवार महिला वन वे रूट में घुस गई।
संवाद सहयोगी, रानीखेत : पर्यटन नगरी के मुख्य बाजार में खूब हंगामा हुआ। वन वे व्यवस्था को धता बता पहले कार सवार महिला ने विजय चौक पर तैनात यातायात पुलिस के सिपाहियों को हड़काया। फिर जबरन बाजार क्षेत्र से होकर तेजी से वाहन गांधी चौक की ओर ले गई जहां पुलिस कर्मियों ने उसे दोबारा रोक लिया गया। इससे आपा खोई महिला ने खुद को हिदू महासभा की पदाधिकारी बता बखेड़ा खड़ा कर दिया। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे शांत करा रवाना कर दिया।
मामला शुक्रवार शाम का है। मुख्य बाजार में वनवे व्यवस्था के कारण विजय चौकी की तरफ से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। मगर कार डीएल 10सी 2024 को तेजी से वन वे पर आती देख गांधी चौक पर तैनात कांस्टेबल गोपाल जोशी, नीरज कुमार व नरेंद्र गड़िया ने रोक लिया। चालक से यह पूछने पर कि नो एंट्री में कैसे पहुंच गए, कार में बैठी महिला भड़क उठी। खुद को हिदू महासभा की पदाधिकारी बता सिपाहियों को डपटना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि स्थानीय वाहनों को तो आने दिया जा रहा मगर उसे नो एंट्री का हवाला दिया जा रहा। हंगामा बढ़ने पर गांधी चौक पर भीड़ जमा हो गई। इससे यातायात बाधित हो गया।
उधर पुलिस कर्मियों का कहना था कि विजय चौक पर जवानों से अभद्रता कर वाहन मुख्य बाजार की ओर दौड़ाने की फोन पर सूचना मिली। इसी वजह से कार को रोका गया। चूंकि संकरे बाजार में आमने सामने वाहन दौड़ाए जाने से हादसे का खतरा बना रहता है इसलिए कार सवार महिला को समझाने की कोशिश की गई।
===============
'यातायात व्यवस्था न बिगड़े इसीलिए रानीखेत मुख्य बाजार में अरसे से वन वे प्रणाली चली आ रही। इसमें महिला का एतराज जताना गलत था। उसे पुलिस कर्मियों ने नो एंट्री के बारे में समझाया भी। कार नंबर नोट कर लिया गया है। पता जुटा रहे हैं। जरूरत पड़ी तो कार्रवाई भी की जाएगी।
- भूपेंद्र सिंह बृजवाल, कोतवाल'