नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
अल्मोड़ा में कोरोना संक्रमण को देखते हुए लागू लॉकडाउन के उल्लंघन पर प्रशासन ने कई लोगों पर कार्रवाई की।
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : कोरोना संक्रमण को देखते हुए लागू लॉकडाउन के उल्लंघन पर प्रशासन ने संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। बुधवार को भी पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में सात से एक बजे तक बाजार खोला गया और लोगों ने जरूरी सामान की खरीदारी की। एक बजे के बाद बाजार बंद हो गया और सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन न हो सके इसके लिए बुधवार को भी जिला प्रशासन और पुलिस की टीम बाजार में मुस्तैद रही। लोगों को फिजिकल डिस्टेंसिग की नसीहत देते हुए खरीददारी करवाई गई। पुलिस के जवानों ने बाजार में अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों को घरों को भेजा। एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि अधिकारियों को नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इधर रानीखेत, ताड़ीखेत, भैंसियाछाना, धौलादेवी, सोमेश्वर, जैंती, सल्ट, स्याल्दे, भिकियासैंण, द्वाराहाट क्षेत्रों में भी लॉकडाउन के नियमों का पूरा पूरा पालन कराया गया।
---
पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को शासन से राहत
संस, अल्मोड़ा : कोरोना महामारी के चलते किए गए लॉकडाउन को देखते हुए प्रशासन ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को राहत दी है। सहायक श्रम आयुक्त उमेश रॉय ने बताया कि ऐसे श्रमिकों की मदद के लिए कुमाऊं के अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिले के 17,309 श्रमिकों को करीब 1 करोड़ 73 लाख से अधिक की धनराशि उनके बैंक खातों से उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान किसी भी पंजीकृत श्रमिक को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए शासन स्तर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अन्य पंजीकृत श्रमिकों के खातों में भी यह राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
--
कहां कितने श्रमिकों को मिली राहत
जिला - संख्या - राशि
अल्मोड़ा - 9584 - 9,58,4000 (लाख में)
बागेश्वर - 2264 - 2,26,4000
पिथौरागढ़ - 4822 - 48,22000
चंपावत - 639 - 6,39000
----
नोडल अधिकारी किए नामित
संस, अल्मोड़ा : जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने बताया है कि शासन के निर्देश पर कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव, रोकथाम और प्रबंधन के लिए कोरोना वायरस से प्रभावित लोगों की कॉंटेक्ट टेगिग की जानी है। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए अपर जिलाधिकारी बीएल फिरमाल और प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल को नोडल अधिकारी नामित किया है। नोडल अधिकारी प्रदेश के सभी जनपदों में मिले वायरस प्रभावित लोगों की सूचना व उस पर की गई कार्रवाई के बारे में सूचना नियंत्रण कक्ष को जानकारी उपलब्ध कराएंगे।