गगास नदी के संरक्षण को एसएसबी ने चलाया पौधारोपण अभियान
गगास नदी के संरक्षण के मकसद से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) रानीखेत मुख्यालय ने ऐना वन पंचायत में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया।
रानीखेत/द्वाराहाट, जेएनएन : गगास नदी के संरक्षण के मकसद से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) रानीखेत मुख्यालय ने ऐना वन पंचायत में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम में वन विभाग व ग्रामीणों ने भी भागीदारी की। एसएसबी महानिरीक्षक एसएस चतुर्वेदी ने निजी स्वार्थ के बजाय विश्वकल्याण की सोच पैदा होने से ही पर्यावरण संरक्षण व नदियों का जल स्तर बढ़ने की बात कही। इसके लिए जनजागरूकता को जरूरी बताया।
सशस्त्र सीमा बल रानीखेत मुख्यालय की ओर से विकासखंड की सुदूर वनपंचायत ऐना में पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। जिसके तहत तेजपत्ता, चूलू, बास, आवला, कोरयाल, देवदार, बाज आदि प्रजातियों के एक हजार पौधों का रोपण कर इनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए एसएसबी के महानिरीक्षक श्याम सुंदर सिंह चतुर्वेदी ने मानव द्वारा पृथ्वी में मौजूद प्राकृतिक संसाधनों का अवैज्ञानिक दोहन पर चिंता जताई। कहा कि इससे अनेक प्रकार के प्रतिकूल प्रभाव दिखाई दे रहे हैं। सदानीरा नदिया सूखने की कगार पर हैं तो जंगल वृक्ष विहीन हो चले हैं। पौधा यदि रोपा भी जा रहा तो उसमें निजी स्वार्थ अधिक महसूस हो रहा। उप महानिरीक्षक एकेसी सिंह व कृष्णपाल सिंह के अलावा डीएफओ उमेश चंद्र जोशी ने भी विचार रखे। मौके पर द्वितीय कमान अधिकारी हितेंद्र पटियाल, उप कमाडेंट प्रमोद चंद्र पाडे, एसडीओ गणेश त्रिपाठी, बीडीसी सदस्य कन्नू साह, केएस साही, तपस मिश्रा, डीके जोशी, गणेश चंद्र पाडे, बीएस अल्मिया, मोहन सिंह, आदि मौजूद रहे।