विकास प्राधिकरण के खिलाफ आवाज बुलंद
विकास प्राधिकरण के खिलाफ विभिन्न संगठनों व राजनीतिक पार्टियों ने आवाज बुलंद की।
संस, चौखुटिया: विकास प्राधिकरण के खिलाफ विभिन्न संगठनों व राजनीतिक पार्टियों ने आवाज बुलंद करनी शुरू कर दी है। इस क्रम में मंगलवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां क्रांतिवीर चौराहे पर नारेबाजी की और सीएम का पुतला दहन किया।
इस दौरान नुक्कड़ सभा में सभी वक्ताओं ने विकास प्राधिकरण को समाप्त करने की मांग उठाई। कहा कि ऐसा न होने पर जनता के सहयोग से आगे आंदोलन किया जाएगा। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह यूथ द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष दीपक नेगी के नेतृत्व में यहां क्रांतिवीर चौराहे पर एकत्र हुए तथा विकास प्राधिकरण के खिलाफ नारेबाजी कर सीएम का पुतला फूंका। वक्ताओं ने विकास प्राधिकरण को जन विरोधी बताया। कहा कि इसके चलते लोगों को भवन व मकान बनाने में खासी दिक्कतें पेश हो रही हैं। प्राधिकरण के कड़े नियमों के चलते गरीब व्यक्ति अपना घर बनाने से वंचित हो गया है। सभी ने एक स्वर से ऐसे जनविरोधी आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग की।
यूथ कार्यकर्ताओं ने गैरसैंण स्थायी राजधानी के पक्ष में भी आवाज बुलंद की। कार्यक्रम में दीपक नेगी के अलावा पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारी वैभव पांडे, गोपाल भट्ट, रितेश किरौला, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विनोद कुमार, राजीव कांडपाल, महेश, अरविंद बिष्ट, विजय कुमार, गिरीश कुमार व रितेश विश्वकर्मा आदि ने भागीदारी की।