कोर्ट परिसर से फरार कैदी पुलिस के हत्थे चढ़ा
संवाद सहयोगी, द्वाराहाट : न्यायालय परिसर से फरार कैदी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। वह तीन
संवाद सहयोगी, द्वाराहाट : न्यायालय परिसर से फरार कैदी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। वह तीन दिन से पुलिस को चकमा दे रहा था। द्वाराहाट पुलिस ने उसे लोद घाटी से दबोच लिया।
लूट के मामले में जेल में बंद महेश मैनाली बीती 23 मई को न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय परिसर से भाग निकला था। इससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। एसएसपी पी रेणुका देवी के निर्देशन में विभिन्न टीमें गठित कर उसकी तलाश में दौड़ाई गई। इधर शनिवार को थानाध्यक्ष अशोक कुमार को सोमेश्वर के पास लोद घाटी के बाशिंदों ने सूचना दी कि फरार कैदी पंचायत भवन के पास दुबका है। सायं साढ़े चार बजे थानाध्यक्ष ने मय टीम दबिश देकर उसे स्थानीय लोगों की मदद से दबोच लिया। आरोपित भरतकोट, उदेपुर के जंगलों में छिपा था। मौके पर भीड़ अधिक होने के कारण सोमेश्वर पुलिस को भी बुलाया गया। शातिर आरोपित को न्यायालय में पेश किया जाएगा। टीम में एसआई बृजमोहन भट्ट व गिरीश पंत, कॉस्टेबल कवींद्र मेहरा, दीपक खड़ायी, जीवन चंद्र आदि शामिल रहे।
============
ये था पूरा मामला
छह वर्ष पूर्व भतौरा में महिलाओं से सिलसिलेवार लूटकांड में बिंता घाटी स्थित मटेला ग्राम पंचायत के व्यासोखत्ता निवासी महेश मैनाली को गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी। मगर न्यायालय में तय तारीख पर पेश न होने के कारण उसके खिलाफ वारंट जारी किया गया। राजस्व से हटाकर मामले की जांच द्वाराहाट पुलिस को दी गई। बीते अप्रैल में आरोपित को पुन: गिरफ्तार कर लिया गया। तब से वह जेल में बंद था। बीती गुरुवार को उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेशी के लिए लाया गया। तभी वह परिसर से पुलिस कर्मियों को गच्चा देकर दीवार से कूद जंगल की ओर फरार हो गया था।