गोवंश पर सियासत गरम, सोशल मीडिया पर जुबानी
सिमलधार में कथित गोतस्करी के मुद्दे पर सियासत गरम है। सोशल मीडिया पर आरोप प्रत्यारोप व जुबानी जंग के बीच भाजपा ने आक्रामक रुख अपना लिया है।
रानीखेत, जेएनएन : सिमलधार में कथित गोतस्करी के मुद्दे पर सियासत गरम है। सोशल मीडिया पर आरोप प्रत्यारोप व जुबानी जंग के बीच भाजपा ने आक्रामक रुख अपना लिया है। कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला जलाया। एसआइटी जांच की वकालत करते हुए सवाल उठाया कि गायों को जंगल में छोड़ने के लिए रात का वक्त ही क्यों चुना गया।
सिमलधार में तीन दिन पूर्व कथित गोतस्करी के मसले पर खासा बवाल हुआ था। ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह रावत का घेराव कर हंगामा काटा था। आरोप लगाया था कि प्रमुख के संरक्षण में गोतस्करी का धंधा चल रहा। इधर कार्यकर्ताओं ने गाधी चौक पर नारेबाजी के बीच प्रमुख का पुतला आग के हवाले कर प्रदर्शन किया। पूर्व जिला महामंत्री दर्शन सिंह बिष्ट ने कहा कि कानून से बढ़कर कोई नहीं। एसआईटी जाच होनी चाहिए। नगर अध्यक्ष राजेंद्र जसवाल ने जांच व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि घेराबंदी के दौरान एसडीएम व डीएम की अनुमति संबंधी प्रमुख का बयान गुमराह करने वाला है। कहा कि एसडीएम अनुमति से साफ मना कर चुके। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दीप भगत, पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष मोहन नेगी, सुनीता डाबर, रेखा आर्या, विमल भट्ट, त्रिभुवन शर्मा, पावस जोशी, विनोद भार्गव, रमेश जोशी, ललित मेहरा, नईम खान आदि मौजूद रहे।