दौड़ में नेहा व युवराज का रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन
अल्मोड़ा के चौखुटिया में बच्चों के अंदर छुपी खेल प्रतिभा को उभारने के लिए विभिन्न न्याय पंचायतों में खेल महाकुंभ के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं।
संवाद सहयोगी, चौखुटिया: बच्चों के अंदर छुपी खेल प्रतिभा को उभारने के लिए विभिन्न न्याय पंचायतों में खेल महाकुंभ-2019 का आयोजन जारी है। इस क्रम में न्याय पंचायत गनाई व चांदीखेत की अंडर 12 की खेल स्पर्धाएं बाखली खेल मैदान में संपन्न हुई। इनमें बाल खिलाड़ियों ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग कर अपना जोश-खरोश दिखाया। शुभारंभ जेष्ठ उपप्रमुख गीता बिष्ट व समापन ब्लॉक प्रमुख किरन बिष्ट ने किया। उन्होंने बच्चों से पठन पाठन के साथ साथ खेल में भी रूचि लेने को कहा।
इस दौरान अंडर-12 बालक वर्ग के 60 मीटर दौड़ में गनाई के योगराज ने प्रथम व गणेश मेहरा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। 60 मीटर बालिका में नेहा थापा को प्रथम व सलोनी को द्वितीय स्थान मिला। बालक वर्ग के 200 मीटर दौड़ में चांदीखेत के युवराज के हाथ बाजी लगी। सुमित रावत को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। गनाई न्याय पंचायत के नीरज गिरि व ललित थापा क्रमश: प्रथम व द्वितीय रहे। व्यक्तिगत खेल बॉल थो में चांदीखेत के तेजश बिष्ट विजेता रहे। लंबीकूद में तनु नेगी को प्रथम व अंशू को द्वितीय घोषित किया गया।
खेलों के निर्णायक हेमलता रौतेला, मनोज वर्मा, प्रदीप चौधरी, नीलम पूरी, ज्योति जोशी, सुरेंद्र नेगी, तनुजा, हेमलता, भानुप्रताप, दिनेश चंद्र व लयोत्मा उप्रेती रहे। समापन पर ब्लॉक प्रमुख किरन बिष्ट ने विजेता रहे बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए। प्रभारी प्रधानाचार्या पुष्पलता ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य चेतना नेगी भी मौजूद रहीं। मासी न्याय पंचायत की खेल स्पर्धाएं भी संपन्न हो गई हैं। समापन पर प्रधान दीपा मासीवाल ने प्रमाण पत्र दिए।