पांडेकोटा के 'निरक्षर' प्रधान का इस्तीफा मंजूर
संवाद सूत्र, ताड़ीखेत (रानीखेत) : विकासखंड के पांडेकोटा ग्राम पंचायत के प्रधान गिरीश चंद्र
संवाद सूत्र, ताड़ीखेत (रानीखेत) : विकासखंड के पांडेकोटा ग्राम पंचायत के प्रधान गिरीश चंद्र का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। उसने खुद को निरक्षर व गरीबी तथा प्रधान पद की बागडोर के साथ मुहर व बस्ता न सौंपे जाने का हवाला दे जिम्मेदारी उठाने में असमर्थता जताई थी। पंचायत राज विभाग ने त्यागपत्र शासन को भेज दिया है। अब राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर नए मुखिया का चुनाव कराया जाएगा।
याद रहे बीती 30 जनवरी को पांडेकोटा ग्राम प्रधान गिरीश चंद्र ने खंड विकास अधिकारी बालम सिंह बिष्ट को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। बीडीओ ने एडीओ पंचायत एसी गाइन फिर जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से शासन को भेज दिया था। इधर प्रधान गिरीश का त्यागपत्र स्वीकार कर लिया गया है।
=================
ये है पूरा मामला
पांडेकोटा के प्रधान विमल बिष्ट का बीते नवंबर में निधन हो गया था। मुखिया का पद रिक्त होने पर अधिसूचना जारी हुई। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से गांव के ही गिरीश चंद्र को निर्विरोध प्रधान घोषित किया जो आर्थिक रूप से बेहद कमजोर व श्रमिक वर्ग से था। ग्रामीण विकास, जनसमस्याओं के समाधान के लिए फरियादी प्रधान के पास पहुंचने लगे। मुहर की भी जरूरत पड़ी तो इससे परेशान प्रधान गिरीश ने करीब दो माह का कार्यकाल जैसे तैसे चलाने के बाद 30 जनवरी को पद छोड़ने का फैसला ले लिया।
================
चार माह तक नए प्रधान की कवायद
डीपीआरओ बीएस दुगताल के अनुसार जून में संभवत: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव करा दिए जाएंगे। चार माह के लिए उपप्रधान को ही पांडेकोटा के नया प्रधान बनाया जाएगा। फिलहाल, शासन स्तर से अग्रिम आदेश का इंतजार किया जा रहा है।
=================
'प्रधान गिरीश चंद्र का त्याग पत्र स्वीकार कर शासन को भेज दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग पांडेकोटा प्रधान के रिक्त पद पर नए चुनाव का आदेश देगा। जिला पंचायत राज अधिकारी के स्तर से निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
-एसी गाइन, एडीओ पंचायत'