मां दुर्गा के भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय
संवाद सहयोगी अल्मोड़ा शारदीय नवरात्र में नगर स्थित देवी मंदिरों तथा विभिन्न स्थानों पर स्थाि
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा: शारदीय नवरात्र में नगर स्थित देवी मंदिरों तथा विभिन्न स्थानों पर स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा के सातवें स्वरूप कालरात्रि की पूजा की गई। पूजा पंडालों में दिन भर भजन व कीर्तन से मां की महिमा का गुणगान किया गया। अवकाश का दिन होने की वजह से मंदिरों व पूजा पंडालों में लोगों ने बड़ी संख्या में मां दुर्गा की पूजा अर्चना की। इन दिनों मंदिरों में भजन-कीर्तन से नगर का माहौल भक्तिमय बना है। उधर विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के हवालबाग प्रक्षेत्र में भी दुर्गा पूजा के तहत कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शनिवार को दुर्गा के सातवें स्वरूप की पूजा अर्चना की गई। नगर के गंगोला मोहल्ला, ढूंगाधारा, लाला बाजार , राजपुरा, लक्ष्मेश्वर, चौघानपाटा, न्यू इंदिरा कॉलोनी खत्याड़ी, पातालदेवी, धारानौला व ऑफीसर्स कॉलोनी के दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा पूजा की धूम मची हुई है। देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पूजा अर्चना की। चौघानपाटा स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में सुबह से ही भजन-कीर्तन का दौर शुरू हुआ, जो देर रात्रि तक जारी रहा। लाला बाजार पूजा पंडाल में भी महिलाओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से मां दुर्गा की महिमा का गुणगान किया। इधर नवदुर्गा समिति ढूंगाधारा में श्रीमद्देवीभागवत कथा जारी है। कथा व्यास पं. दीप चंद्र शास्त्री ने दुर्गा पूजा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दुर्गा की आराधना से मनुष्य के सभी कष्टों का निवारण होता है। इससे पूर्व स्कूली बच्चों के बीच भजन गायन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।