टहल रहे युवक पर तेंदुए ने किया हमला, हिम्मती युवक ने ऐसे किया मुकाबला
अल्मोड़ा के द्वाराहाट क्षेत्र के द्वारछीना पर बमनपुरी के एक व्यक्ति पर तेंदुआ ने झपटा मारा। हिम्मती युवक ने बहादुरी से उसका मुकाबला किया और तेंदुए वहां से भाग गया।
द्वाराहाट, अल्मोड़ा [जेएनएन]: नगर के समीपवर्ती क्षेत्रों में गुलदार (तेंदुआ) आतंक का पर्याय बन चुका है। रविवार की सुबह द्वारछीना पर बमनपुरी के एक व्यक्ति पर झपट पड़ा। हिम्मती चंद्रप्रकाश उपाध्याय ने बहादुरी से मुकाबला किया। संघर्ष में चंद्रप्रकाश के घुटने में तीन दांत भी लगे। गुलदार शनिवार की सांय भी मोहन सिंह पर झपट पड़ा था। गुलदार के आतंक से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने पिंजरा लगाकर गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
रविवार की प्रातः करीब साढ़े पांच बजे घूमने निकले चंद्रप्रकाश पर कालीखोली-पूजाखेत बाईपास पर तेंदुए ने पीछे से हमला बोल पैर जकड़ लिया। चंद्रप्रकाश की गुलदार के साथ गुत्थम गुत्था हो गई। हाथों के प्रहार से गुलदार भाग खड़ा हुआ। चंद्रप्रकाश के बांये घुटने में तीन दांत लगे हैं। जिसका उपचार चल रहा है।
शनिवार शाम को भी किया था गुलदार ने हमला
शनिवार की सांय करीब सात बजे इसी जगह पर बमनपुरी निवासी मोहन सिंह नेगी पर भी हमला बोल दिया। होहल्ला के बाद तेंदुआ भाग खड़ा हुआ। करीब 10 घंटे के भीतर नजदीकी इलाके में दो लोगों पर गुलदार द्वारा झपट्टा मार देने से क्षेत्र में भय का माहौल है। लोगों ने पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
पालतू जानवरों को बना चुका है निवाला
गुलदार कई पालतू जानवरों को भी अपना निवाला बना चुका है। एक सप्ताह के भीतर बमनपुरी के मुकेश उपाध्याय के दो कुत्ते, सलालखोला निवासी चंदन सिंह का बैल व जामड़ निवासी सोबन सिंह की बछिया को निवाला बना दिया।
खतरा और अधिक बढ़ा
कालीखोली-पूजाखेत बाईपास मोटरमार्ग पर प्रातः दूध देने के लिए महिलाएं व बच्चे बाजार आते हैं। इसके अतिरिक्त कई बच्चे पढ़ाई करने भी इस मार्ग से गुजरते हैं। जिस कारण खतरा और अधिक बढ़ गया है।
जल्द ही लगाया जाएगा पिंजरा
हरीश खर्कवाल (वन राजि अधिकारी द्वाराहाट) का कहना है कि व्यक्ति पर हमले की सूचना अभी अभी प्राप्त हुई है। क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी गई है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पिंजरा लगाने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: फंदे में फंसकर गुलदार की मौत, अज्ञातों के खिलाफ मुकदमा दर्ज