कुमाऊंनी भाषा साहित्यकारों का अल्मोड़ा में लगेगा जमावड़ा
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : ऐतिहासिक नगर में 10 नवंबर से होने वाले राष्ट्रीय कुमाऊंनी भाषा सम्म
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : ऐतिहासिक नगर में 10 नवंबर से होने वाले राष्ट्रीय कुमाऊंनी भाषा सम्मेलन की तैयारियां तेजी से चल रही है। तीन दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में साहित्यकार हीरा सिंह राणा व पूरन सिंह डंगवाल को सम्मानित किया जाएगा। वहीं सम्मेलन के सफल संचालन के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर दिया गया है।
कुमाऊंनी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति प्रचार समिति के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम स्थानीय कुंदन लाल साह प्रेक्षागृह के सभागार में होगा। पहरू के संपादक डॉ. हयात सिंह रावत ने बताया कि इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 200 साहित्यकारों के जुटने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष का शेर सिंह बिष्ट अनपढ़ कुमाऊंनी कविता पुरस्कार प्रख्यात लोकगायक तथा कवि हीरा सिंह राणा को प्रदान किया जाएगा। हीरा सिंह राणा के प्यौली तथा बुरांश, मनखों पड़याव में कविता संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। दूसरी ओर सैन्य पृष्ठभूमि से संबंधित लेखन के लिए विक्टोरिया क्रॉस कैप्टन गजे घले स्मृति पुरस्कार कुमाऊंनी साहित्यकार पूरन चंद्र डंगवाल को देना तय हुआ है। उन्हें यह पुरस्कार उनकी महामनसी पुस्तक के लिए प्रदान किया जाएगा। इस प्रकार दोनों रचनाकारों को नकद धनराशि, अंगवस्त्र व सम्मान पत्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही कुमाऊंनी कहानी तथा अन्य पुरस्कारों की भी घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में पहरू टीम पूरी सक्रियता से जुटी पड़ी है।