बालिका निकेतन की बालिकाओं ने बनाए ऐपण
अल्मोड़ा के राजकीय बालिका निकेतन बख में रह रहीं बालिकाओं ने विभिन्न वस्तुओं में ऐपण बनाकर अपने हुनर का प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा: राजकीय बालिका निकेतन बख में रह रहीं बालिकाओं ने विभिन्न वस्तुओं में ऐपण बनाए हैं। उनके बनाए ऐपण की मांग बढ़ने लगी है।
अक्टूबर माह में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की ओर से 15 दिवसीय ऐपण का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करवाया गया था। जिसके बाद बालिकाओं की रुचि इतनी बड़ी कि उन्होंने कई तरह की वस्तुओं में ऐपण बनाना शुरू किया। राजकीय बालिका निकेतन की अधीक्षिका मंजू उपाध्याय ने कहा कि बालिकाओं ने करवाचौथ के लिए करवाचौथ की थालियां, छननी व करवा आदि में ऐपण की कलाकृतियां बनाई है जो काफी आकर्षक एवं सुंदर हैं। इसके अलावा उन्होंने दीपावली पर्व के लिए दीये, घरों में सजाने को गमलों आदि में भी बेहतरीन कलाकारी दिखाकर ऐपण उकेरी गई हैं। व्यवसायिक गतिविधियों को अपनाकर वह आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर हैं। इसमें उनकी क्राफ्ट अध्यापिका पूजा धौलाखंडी व प्रिता जौहरी विशेष मार्गदर्शन दे रहीं हैं। बालिकाओं के बनाए ऐपण बाजार में उपलब्ध कराए गए हैं जिसे लोगों द्वार खूब पसंद किया जा रहा है।
------