गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति होरया..
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : सांस्कृतिक नगरी में गुरुवार को गणेश चतुर्थी पर्व से गणेश महोत्सव
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : सांस्कृतिक नगरी में गुरुवार को गणेश चतुर्थी पर्व से गणेश महोत्सव का आगाज हुआ। यहां जौहरी बाजार स्थित पूजा पंडाल में रिद्धि-सिद्धि के प्रदाता तथा विघ्नहर्ता भगवान गणेश की मूर्ति की प्राणप्रतिष्ठा विधि विधान से की गई। नगर में गणेश महोत्सव आगामी 17 सितंबर तक चलेगा। इसके तहत भजन मंडलियों की ओर से प्रतिदिन भजन-कीर्तन के माध्यम से श्री गणेश की महिमा का यशोगान किया जाएगा।
विघ्न विनाशक भगवान गणेश की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भजन-कीर्तन के माध्यम से हर शुभ कार्य में प्रथम पूज्य श्रीगणेश की महिमा का बखान किया गया। अल्मोड़ा गणेश महोत्सव समिति के तत्वावधान में यह आयोजन किया जा रहा है। मूर्ति स्थापना तथा प्राण प्रतिष्ठा के बाद भजन मंडली ने गणपति बप्पा मोरिया, मंगल मूर्ति होर्या, मेरे घर में पधारो गजानन जी..आदि भजन-कीर्तन के साथ विघ्नविनाशक की महिमा का यशोगान किया गया। इस मौके पर दीपक वर्मा, भैरव गोस्वामी, दर्शन रावत, विनीत बिष्ट, मनोज सिंह पवार, अजीत कार्की, अभय साह, अरूण वर्मा,गणेश मराठा, अजय मराठा, दत्ता मराठा, दलीप मराठा, ननवाल मराठा, नाना मराठा, विशाल मराठा, मनीष मराठा के अलावा कई व्यापारी तथा स्वर्णकार मौजूद रहे। इधर लिंक रोड स्थित श्री सिद्धि विनायक मंदिर में भी गणेश चतुर्थी के मौके पर लोगों ने भगवान गणेश के दर्शन पूजन कर सुख-शांति व निरोगी काया का आशीर्वाद मांगा। यहां अलसुबह से देर सायं तक लोगों ने पूजा अर्चना की। यहां गणेश चतुर्थी के दृष्टिगत मंदिर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है।