अल्लाह के सजदे में सिर झुका मांगी दुआ
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : ईद-उल-जुहा का त्योहार बुधवार को ऐतिहासिक व सांस्कृतिक नगरी
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : ईद-उल-जुहा का त्योहार बुधवार को ऐतिहासिक व सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कैंट स्थित अल्लाह की इबादतगाह में जहां बकरीद की सामूहिक नमाज अदा की गई। वहीं इस मौके पर देश के लिए अमन और चैन की दुआ मांगी गई।
कैंट स्थित ईदगाह में सुबह 9.30 बजे जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती जुनेद उल कादरी ने नमाज अदा कराई। इधर नगर के धार की तूनी तथा करबला स्थित मस्जिद में भी बकरीद की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद सभी लोगों ने गले मिलकर एक दूसरे को ईद की शुभकामनाएं दी। घरों में बकरों की कुर्बानी के बाद दावतों का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। ईद के मौके पर बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया। नमाज के बाद नगर में एक-दूसरे को बधाई देने का सिलसिला काफी देर तक चला। इस मौके पर ईदगाह में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। इस मौके पर एसडीएम विवेक राय, सीओ कमल राम, पूर्व विधायक मनोज तिवारी, निवर्तमान पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, बिट्टू कर्नाटक, शेखर लखचौरा, दीपक वर्मा, दीपेश जोशी, सरफराज अहमद , अख्तर हुसैन, अकबर खान, अमन अंसारी, रियासत अली पासा, अब्दुल जब्बार खान, नवाज खान, अमन अंसारी, राजा खान समेत बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद थे।