दिल्ली के ललित कला अकादमी में होगा डा. शेखर जोशी का सोलो शो
अल्मोड़ा निवासी प्रसिद्ध कलाकार डा. शेखर चंद्र जोशी का सोलो शो ललित कला अकादमी नई दिल्ली में होगा।
दिल्ली के ललित कला अकादमी में होगा डा. शेखर जोशी का सोलो शो
संस, अल्मोड़ा : प्रसिद्ध कलाकार प्रो. शेखर चंद्र जोशी का सोलो शो ललित कला अकादमी नई दिल्ली में होगा। जिसका शीर्षक आर्ट एंड कम्यूनिकेशन आफ स्पेस है। इसका उद्घाटन अंतरराष्ट्रीय कलाकार पद्मश्री श्याम शर्मा करेंगे। यह सोलो शो एक सितंबर से शुरू होगा।
इस प्रदर्शनी में प्रो. शेखर जोशी अपने हाथ के नाखून से बनाए गए 60 से अधिक चित्रों को प्रदर्शित करेंगे। डा. जोशी ने बताया कि उनके बनाए गए 60 से अधिक कार्यों को कागज पर दर्शाया गया है। यह चित्र अंतरिक्ष को महत्व देते हुए मनुष्य, प्रकृति और समाज पर आधारित है। उन्होंने अपनी रचानात्मकता के लिए अंतरिक्ष के भीतर अपनी अवधारणा, भावना, कल्पना, कौशल और नवीनता को स्वतंत्र रूप से व्यक्त किया है। अपने नाखुनों एवं धान के सिक्कों का उपयोग बिना ब्रश के एक उपकरण के रूप में किया है। वह अपने सोलो शो के लिए काफी उत्साहित हैं। कहा कि कला और संचार की अंतरिक्ष स्पेस की कोई सीमा नहीं है। नाखूनों से चित्रों को बनाना एक लंबे अभ्यास का परिणाम है। प्रो. जोशी वर्तमान में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में प्रोफेसर विजुअल आर्ट और डीन अकादमिक है। इस अनोखे तरीके से काम करके अपनी रचनात्मकता को जारी रखे हुए हैं। एक मूर्तिकार जो मूर्ति व मूर्ति कला बनाने के लिए जिस तरह पत्थर को तराशता है, उसी तरह वह भी नाखुनों से कागज पर अपने चित्रों को उकेरते हैं। उनका यह सोलो शो प्रतिदिन सुबह 11 बजे से सायं सात बजे तक 35 फिरोज शाह रोड नई दिल्ली में स्थित ललित कला अकादमी की गैलरी नंबर आठ में होने जा रहा है।