बिजली लाइन के लिए अल्मोड़ा में काटे गए दर्जनों साल के पेड़, वन विभाग हरकत में
अल्मोड़ा के सल्ट ब्लॉक के सौकती गांव में बिजली लाइन बिछाने के नाम पर दर्जनों साल के पेड़ों के अवैध ...और पढ़ें
HighLights
सल्ट के सौकती गांव में बिजली लाइन के लिए साल के पेड़ कटे
ठेकेदार पर अवैध कटान का आरोप, ग्रामीणों में भारी रोष
वन विभाग की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। सल्ट विधानसभा क्षेत्र के सल्ट ब्लॉक के मछोड़ से लगभग नौ किमी दूर जाख गांव के पास स्थित सौकती गांव में बिजली लाइन बिछाने के नाम पर दर्जनों साल (शाल) के पेड़ों के कटान का मामला सामने आया है। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार ने बिना वन विभाग की अनुमति के हरे-भरे साल के पेड़ों को काट दिया, जिससे क्षेत्र में पर्यावरणीय संतुलन को गंभीर नुकसान पहुंचा है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच निरीक्षण कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, बीते कुछ दिनों से गांव में बिजली लाइन डालने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान ठेकेदार द्वारा जंगल क्षेत्र में कई पुराने और बहुमूल्य साल के पेड़ों को काट दिया गया। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ग्रामीण गोपाल सिंह ने बताया कि इसके बाद मामले की सूचना वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आ गया है। रेंजर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, मौके पर पहुंचकर कटे हुए पेड़ों की संख्या, उनकी प्रजाति और कटान की वैधानिक अनुमति की जांच की जाएगी। यदि बिना अनुमति पेड़ कटान की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, स्थानीय ग्रामीणों में घटना को लेकर रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर जंगलों का इस तरह विनाश स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वन विभाग के उप वन संरक्षक दीपक सिंह ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।लेकिन अवैध कटान पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
