दीपावली पर अल्मोड़ा में बस के लिए यात्रियों की भारी भीड़, रोडवेज ने चलाईं अतिरिक्त बसें
दीपावली पर अल्मोड़ा में यात्रियों की आवाजाही बढ़ने से बस स्टैंडों और टैक्सी स्टैंडों पर भारी भीड़ देखी गई।

सीट पाने के लिए यात्रियों में होड़ मची
HighLights
दीपावली पर अल्मोड़ा में यात्रियों की आवाजाही में वृद्धि।
बस स्टैंडों और टैक्सी स्टैंडों पर यात्रियों की भारी भीड़।
रोडवेज ने लंबे रूटों पर अतिरिक्त बसें संचालित कीं।
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा। दीपावली पर लोगों की आवाजाही बढ़ने से मुख्यालय के कुमाऊं मोटर आनर्स यूनियन लिमिटेड, रोडवेज व टैक्सी स्टेंड में यात्रियों की भीड़ रही। बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों में दिन भर होड़ मची रही। रोडवेज ने लंबे रूटों पर दो अतिरिक्त बसों का संचालन किया।
ज्योति पर्व दीपावली की पहली श्रृंखला धनतेरस पर नौकरीपेशा लोगों का अपने गृह क्षेत्र को रवाना होने का क्रम शुरू हो गया है। इसके चलते शुक्रवार को कुमाऊं मोटर आनर्स यूनियन लिमिटेड, रोडवेज स्टेशन तथा टैक्सी स्टेंड में दिन भर यात्रियों का जमावड़ा लगा रहा। कुछ को बमुश्किल बस मिली तो कुछ टैक्सियों में महंगा किराया देकर अपने-अपने गंतव्य को रवाना हुए।
केमू की हल्द्वानी वाया अल्मोड़ा बागेश्वर, हल्द्वानी वाया अल्मोड़ा पिथौरागढ़, हल्द्वानी-अल्मोड़ा- गरूड़- बागेश्वर तथा हल्द्वानी-अल्मोड़ा-ताकुला- बागेश्वर की बसों में अल्मोड़ा से आगे के लिए सीट पाने को यात्रियों में काफी होड़ मची रही। जिले के ही आंतरिक मार्गो में यात्रियों को सर्वाधिक कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। इन मार्गो में खेती, भनोली, चलनीछीना, द्योनाथल व ध्याड़ी क्षेत्र शामिल हैं। इधर केमू के सुपरवाइजर बीबी चंदोला ने बताया कि दीपावली पर्व पर कुछेक अतिरिक्त बसें संचालित किए जाने का प्रयास किया जाएगा।
इधर उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से लंबे रूटों के लिए शुक्रवार को दिल्ली व देहरादून के लिए एक-एक बसें संचालित की गई। सहायक महाप्रबंधक डीएन जोशी ने बताया कि यात्रियों की संख्या को देखते हुए समय- समय पर अलग-अलग मार्गों में अतिरिक्त बसें संचालित किए जाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।