प्रशिक्षण को सफल बनाने में सभी का सहयोग जरूरी
देघाट (चौखुटिया) में भाजपा के स्याल्दे मंडल में होने वाले प्रशिक्षण वर्ग को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।
संस, देघाट (चौखुटिया): भाजपा के स्याल्दे मंडल में होने वाले प्रशिक्षण वर्ग को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस क्रम में बुधवार को भाजपा मंडल कार्यकर्ताओं की यहां रामलीला मंच में बैठक हुई। इसमें प्रशिक्षण के विभिन्न बिंदुओं पर विचार मंथन किया गया। इस दौरान पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए। कहा गया कि प्रशिक्षण को सफल बनाने में सभी कार्यकर्ताओं का सहयोग जरूरी है।
कहा गया कि दो दिनी प्रशिक्षण वर्ग में मंडल कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी, सदस्य व शक्ति केंद्रों के संयोजक भाग लेंगे। मुख्य अतिथि जिला महामंत्री प्रेम शर्मा ने प्रशिक्षण को लेकर विस्तार से जानकारी दी। कहा कि प्रदेश व जिला से विषय प्रमुख पार्टी के सिद्धांत, उद्देश्य व उपलब्धियों को लेकर प्रशिक्षण देंगे। इस दौरान प्रशिक्षण की कार्ययोजना भी तैयार की गई। संगठन पर भी चर्चा की गई एवं पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पूरन सिंह रजवार, जगत सिंह अधिकारी, पूर्व प्रमुख राधारमण उप्रेती, कुंदन लाल, बीरेंद्र सिंह रावत, कृपाल दत्त, दिगंबर रजवार, हरीश बिष्ट, हरी दत्त, बासवानंद, बहादुर सिंह, श्याम सिंह, सुरेंद्र घुघत्याल, करन मेहरा, सूरज मेहरा, मनोज नेगी, दीपक कुमार, उर्बा दत्त पपनोई व गोबिंद भाकुनी आदि मौजूद रहे।