लचर संचार सेवाओं का उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा खामियाजा
जिले भर में बीएसएनएल की लचर संचार सेवाओं से कांग्रेस पार्टी में आक्रोश व्याप्त है।
संस, अल्मोड़ा: जिले भर में बीएसएनएल की लचर संचार सेवाओं से कांग्रेस पार्टी में आक्रोश व्याप्त है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीएसएनएल के अधिकारियों को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा और व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग भी की।
बीएसएनएल के अधिकारियों को दिए ज्ञापन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा है कि पिछले पंद्रह दिनों से निगम की ब्राडबैंड सेवा पूरी तरह ध्वस्त है। जिस कारण सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों समेत व्यापारियों और अन्य संस्थाओं में कार्य प्रभावित हो रहा है। बच्चों को भी ऑनलाइन शिक्षण कार्य में तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन कई बार की शिकायतों के बाद भी निगम अपनी सेवाओं को दुरुस्त नहीं कर पा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा है कि अगर पंद्रह दिनों में संचार सेवाओं को दुरुस्त नहीं किया गया तो वह निगम कार्यालय परिसर में आंदोलन शुरू कर देंगे।
ज्ञापन में नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला, लता तिवारी, तारा चंद्र जोशी, राजीव कर्नाटक, दीपांशु पांडे, संजय दुर्गापाल, गीता मेहरा, अरविद रौतेला, मनोज भंडारी, देवेंद्र बिष्ट आदि शामिल रहे।