महंगाई को लेकर कांग्रेस में उबाल, केंद्र व प्रदेश सरकार का पुतला फूंक जताया आक्रोश
लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में अल्मोड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार का पुतला फूंक आक्रोश जताया।
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को केंद्र और प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को जनभावनाओं से कोई लेना देना नहीं रह गया है। कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार से शीघ्र रोजमर्रा की जरूरत के सामान की मूल्य वृद्धि वापस लेने की मांग की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता नगर के चौघानपाटा में एकत्र हुए और केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार में पेट्रोल, डीजल समेत प्याज, टमाटर और दालों के दाम आसमान छू रहे हैं। जिस कारण आम आदमी का जीवन लगातार प्रभावित हो रहा है, लेकिन सरकार महंगाई को रोकने में लगातार नाकाम साबित हो रही है। नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला ने कहा कि भाजपा ने चुनावों के दौरान लोगों को अच्छे दिनों के सपने तो दिखाए, लेकिन गरीब और आíथक रूप से कमजोर प्रदेश की जनता को आज तक अच्छा दिन देखने का मौका नहीं मिला। उन्होंने सरकार से लगातार बढ़ रही महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की।
पुतला दहन कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, आनंद बगड़वाल, लता तिवारी, हर्ष कनवाल, प्रताप सत्याल, विनोद वैष्णव, परितोष जोशी, हेम तिवारी, राजीव कर्नाटक, किशन लाल, फाकिर खान, दीपांशु पांडे, गीता मेहरा, किरन साह, शेर सिंह आदि मौजूद रहे।