पार्टी विरोधी गतिविधियों पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष निष्कासित
अल्मोड़ा में पंचायत चुनावों में पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने पर कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हरीश बनौला को निष्कासित कर दिया है।
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : पंचायत चुनावों में पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने पर कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष ने भैंसियाछाना ब्लॉक से पार्टी के जिला उपाध्यक्ष व पूर्व प्रमुख समेत एक अन्य कार्यकर्ता को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी जिलाध्यक्ष ने अन्य ब्लॉकों के अध्यक्षों से भी पार्टी विरोधी कार्यों में लिप्त कार्यकर्ताओं की सूची मांगी है। ताकि उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।
पार्टी जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे ने बताया कि पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हरीश बनौला व न्याय पंचायत अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट पर कार्यकर्ताओं ने पंचायत चुनावों में इन पदाधिकारियों पर पार्टी उम्मीदवारों का हराने के लिए भरसक प्रयास करने का आरोप लगाया था। जिसे गंभीरता से लेते हुए इन दोनों पदाधिकारियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि कुछ अन्य ब्लॉकों द्वारा भी चुनावों में पार्टी विरोधी कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की सूची पार्टी संगठन को सौंपी गई है। जिनके निष्कासन की कार्रवाई की जा रही है। पांडे ने बताया कि जिन ब्लॉकों से ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची नहीं मिली है वहां के अध्यक्षों से भी सूची तलब की गई है। जिलाध्यक्ष पांडे ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी एक अनुशासित पार्टी है, इसलिए पार्टी गतिविधियों में लिप्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।