अराजक तत्वों ने जला डाले जंगल
अल्मोड़ा वन क्षेत्रों में अराजक तत्व फिर आग लगाने लगे हैं। गुरुवार को जिले के ब्राइट एंड कार्नर जंगल में भी अराजक तत्वों ने आग लगा दी।
जेएनएन, अल्मोड़ा : लाकडाउन के पहरे में फायर सीजन तो ठीकठाक बीत गया। मगर वन क्षेत्रों पर अराजक तत्वों की नजर फिर पड़ गई है। जिला मुख्यालय से सटे ब्राइट एंड कार्नर का जंगल लपटों से घिर गया। पास ही रामकृष्ण मिशन के आवास होने की वजह से पुलिस व दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पा लिया गया।
नगर क्षेत्र से लगे ब्राइट एंड कार्नर का जंगल अराजक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। दिन में तेज धूप होने की वजह से सूखी घास तेजी से चपेट में आ गई। सूचना पर ब्राइट एंड कार्नर से करबला की ओर दमकल कर्मचारियों तथा लोअर माल रोड पर बेस चौकी की ओर से चीता मोबाइल के जवानों ने आग बुझाने का काम शुरू किया।
=========
रानीखेत रामनगर हाईवे पर कई हेक्टेयर जला जंगल
संस, ताड़ीखेत (रानीखेत) : रामनगर रानीखेत स्टेट हाईवे से सटे तौड़ा वन क्षेत्र को भी शरारती तत्वों ने जला डाला। लपटों ने कई हेक्टेयर जंगलात को चपेट में ले लिया। विभागीय कर्मचारियों ने चारों तरफ से घेरा डाल बमुश्किल आग पर काबू पाया। मगर लाखों की वन संपदा खाक हो गई।
तौड़ा वन क्षेत्र गुरुवार को लपटों से घिर गया। तेज धूप व हवा के कारण लपटों ने कुछ ही देर में पूरे जंगलात को चपेट में ले लिया। चीड़ के पेड़ व पत्तियों के आग पकड़ लेने से हालात बिगड़ गए। आग लगने का पता लगते ही ग्रामीणों ने उस तरफ घास चुग रहे मवेशियों को दूर हटाया। स्थानीय बाशिंदों ने बताया कि कुछ शरारती तत्वों ने आग लगाई। वन दरोगा कुशल सिंह कैड़ा ने आसपास के लोगों की मदद से आग बुझा तो ली लेकिन पूरा पहाड़ धुआं धुआं हो गया।
========
'अराजक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पकड़े जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह सीजन भी संवेदनशील है। लोग जलती सिगरेट सड़क किनारे न फैंके। पिरूल जल्द आग पकड़ता है। जंगल की ओर घूमने जाएं तो मौज मस्ती के दौरान लकड़ी का चूल्हा कतई न जलाएं। वहीं वन क्षेत्रों से सटे खेतों में खरपतवार न जलाएं।
- हरीश टम्टा, वन क्षेत्राधिकारी' ==== ====