उत्तराखंड: अल्मोड़ा के मेडिकल कॉलेज में हुई रैगिंग पर सख्ती, छह सीनियर छात्रों पर गिरी गाज
अल्मोड़ा के एसएसजे राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान में रैगिंग के मामले में छह सीनियर छात्रों पर कड़ी कार्रवाई हुई ...और पढ़ें

एसएसजे राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा में रैगिंग का मामला।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। एसएसजे राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (मेडिकल कॉलेज) अल्मोड़ा में रैगिंग का मामला सामने आने के बाद कालेज प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषी सीनियर छात्रों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की है।
एमबीबीएस के जूनियर छात्र-छात्राओं के साथ रैगिंग करने के आरोप में चार सीनियर छात्रों पर 25 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया गया है। जबकि दो अन्य सीनियर छात्रों को आगामी छह माह तक मेडिकल कॉलेज में आयोजित होने वाले सभी शैक्षणिक एवं गैरशैक्षणिक कार्यक्रमों से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
मामला वर्ष 2024 और 2025 बैच के एमबीबीएस सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच का है। जूनियर छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के प्राचार्य को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि कुछ सीनियर छात्रों ने उन्हें अपने कमरे में बुलाकर अतिरिक्त सह शैक्षणिक गतिविधियां करने के लिए बाध्य किया।
इस दौरान जूनियर छात्र मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान रहे और खुद को आहत महसूस किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में एंटी रैगिंग कमेटी की आपात बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शिकायतों, छात्रों के बयान और उपलब्ध तथ्यों की गहन समीक्षा के बाद दोषी पाए गए सीनियर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया गया।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, जिन चार सीनियर छात्रों के कमरे में यह घटनाक्रम हुआ था, उन पर यूजीसी और नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) की गाइडलाइंस के तहत 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
वहीं, दो अन्य सीनियर छात्रों पर जूनियरों से अपने विषय से संबंधित कार्य कराने का दबाव डालने का आरोप सिद्ध होने पर उन्हें छह माह तक कॉलेज की सभी गतिविधियों से दूर रखने का आदेश जारी किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रैगिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-प्रो. सीपी भैसोड़ा, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा।
यह भी पढ़ें- दून मेडिकल कालेज में रैगिंग का मामला : दोषी MBBS छात्र कक्षा से निलंबित, जुर्माना भी लगाया
यह भी पढ़ें- दून मेडिकल कालेज में फिर रैगिंग, सीनियर छात्रों ने जूनियर का किया मानसिक उत्पीड़न; एनएमसी ने तलब की रिपोर्ट
