अल्मोड़ा में धनतेरस पर 34.78 करोड़ का रिकॉर्ड कारोबार, व्यापारियों के चेहरे खिले
धनतेरस पर अल्मोड़ा जनपद के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई, जहां करीब 34.78 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ।

सोने-चांदी, बर्तन, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर सहित विभिन्न सामानों की खरीदारी की, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिले रहे।
HighLights
जनपद अल्मोड़ा में धनतेरस पर 34.78 करोड़ का कारोबार।
सोने-चांदी, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर की जमकर खरीदारी हुई।
पिछले वर्ष की तुलना में कारोबार बेहतर रहा, व्यापारी खुश।
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा। धनतेरस पर अल्मोड़ा जनपद के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से देर शाम तक बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। लोगों ने परंपरा के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और अन्य घरेलू सामान की खरीदारी की। वहीं, दोपहिया और चौपहिया वाहनों, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों तथा फर्नीचर की भी खूब बिक्री हुई।
व्यापारियों के अनुसार इस बार पिछले वर्ष की तुलना में कारोबार बेहतर रहा। धनतेरस पर जनपद में करीब 34.78 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। इससे व्यापारियों के चेहरे खिले रहे। शुक्रवार सुबह से ही नगर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी।
मुख्यालय के विभिन्न बाजारों में दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। कपड़ा, मिठाई, सराफा, बर्तन और इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों पर विशेष रौनक दिखाई दी। लोगों ने दीपावली की तैयारियों के लिए घर की सजावट, घरेलू उपयोग के सामान और उपहारों की भी खरीदारी की।
धनतेरस पर जमकर बिके तांबे और पीतल के बर्तन
धनतेरस पर बर्तन बाजार में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। लोगों ने तांबे के जग, फिल्टर और डेक के साथ ही कांसे और पीतल की थाली, गिलास, कटोरी समेत अन्य बर्तनों की खरीदारी की। कारखाना बाजार के प्रमुख बर्तन कारोबारी संजीव अग्रवाल टीटू ने बताया कि कारोबार सामान्य रहा और लोगों ने परंपरा के अनुसार खरीदारी की।
ऑटोमोबाइल कारोबार 12.50 करोड़ के पार
धनतेरस पर दोपहिया और चौपहिया वाहनों की खरीदारी को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह रहा। कई लोगों ने शुभ मुहूर्त में नए वाहन खरीदे। वाहन कंपनियों और डीलरों की ओर से ग्राहकों को आकर्षक उपहार योजनाएं भी दी गईं। थपलिया स्थित श्रीराम होंडा के स्वामी दीपक भट्ट ने बताया कि इस बार ऑटोमोबाइल क्षेत्र में करीब 12.50 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
सोने-चांदी के आभूषणों की भी रही चमक
धनतेरस पर सराफा बाजार में भी खूब रौनक रही। ग्राहकों ने सोने और चांदी के हल्के आभूषणों को प्राथमिकता दी। महिलाओं में हल्के वजन की ज्वैलरी का खास आकर्षण रहा। कई ग्राहकों ने नौ और 14 कैरेट के आभूषण भी पसंद किए।
फर्नीचर कारोबारियों के खिले चेहरे
धनतेरस पर फर्नीचर बाजार में भी अच्छी बिक्री हुई। लोगों ने सोफा सेट, डबल बेड, अलमारी, चांदनी समेत घर की जरूरत के अन्य सामान खरीदे। कारोबारियों के अनुसार जनपद में फर्नीचर का कारोबार तीन करोड़ रुपये से अधिक रहा।
इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों की खूब हुई बिक्री
इलेक्ट्रानिक्स बाजार में भी ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने स्मार्टफोन, लैपटॉप, वाशिंग मशीन, माइक्रोवेव और वाटर गीजर समेत अन्य उपकरणों की खरीदारी की। कचहरी बाजार स्थित प्रकाश इलेक्ट्रानिक्स के स्वामी प्रकाश रावत ने बताया कि धनतेरस पर जनपद में इलेक्ट्रानिक्स क्षेत्र में करीब 3.50 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
पटाखा बाजार में डेढ़ करोड़ का कारोबार
धनतेरस पर पटाखों की दुकानों में भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने दीपावली के लिए फुलझड़ी, स्काई शॉट, रॉकेट, अनार, बम, चटाई और चकरी समेत विभिन्न आतिशबाजी उत्पादों की खरीदारी की। पटाखों के थोक कारोबारी मनोज सिंह ने बताया कि इस बार पटाखा बाजार में करीब 1.50 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।