चीनी के बाद अब प्याज ने निकाले आंसू, प्रति किलो 15 रुपये हुआ महंगा
प्याज और चीनी सहित कई खाद्य पदार्थों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम जनता का बजट बिगड़ गया है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा। महंगाई की मार झेल रही आम जनता को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। पहले चीनी के दाम में हुई बढ़ोतरी ने लोगों का बजट बिगाड़ा और अब प्याज की बढ़ती कीमत ने रसोई का जायका प्रभावित कर दिया है।
अल्मोड़ा के बाजार में पिछले पांच दिन में प्याज के दाम में 20 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। पांच दिन पहले तक 40 रुपये किलो बिक रहा प्याज अब 60 रुपये किलो पहुंच गया है।
बीन भी हुई महंगी
बीन की कीमत में भी करीब 20 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है, जो पहले 80 रुपये किलो बिक रहा था, अब 100 रुपये किलो हो गया है। हालांकि, भिंडी, करेला, कद्दू, शिमला मिर्च, टमाटर और लौकी के दाम कम होने से कुछ राहत मिली है।
प्याज की कीमत में अचानक आई तेजी ने गृहणियों की चिंता बढ़ा दी है। जाखनदेवी निवासी हेमा रावत ने बताया कि पहले से ही चीनी और चावल के दाम बढ़े हुए हैं, जिससे घर का खर्च संभालना मुश्किल हो रहा है। जोशीखोला निवासी पुष्पा देवी ने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण हर सप्ताह घर के बजट में बदलाव करना पड़ रहा है।
चीनी के दाम भी 15 रुपये किलो बढ़े
पिछले 15 दिनों में चीनी के दाम बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। जहां पहले 50 रुपये किलो में बिकने वाली चीनी अब 65 रुपये किलो पहुंच गयी है।
इसके अलावा, चावल, लाल मिर्च, धनिया समेत कई अन्य खाद्य सामग्री के दामों में भी करीब 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। इससे आम उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। खाद्य सामग्री के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर घरों के साथ होटल, चाय की दुकानों और छोटे भोजनालयों पर भी पड़ सकता है।
