रौल्याणागूंठ में मकान ध्वस्त, एक गंभीर
तहसील के रौल्याणागूंठ गाव में शनिवार को मकान भरभरा कर गिर गया। मलबे में दबकर मकानस्वामी गंभीर घायल हो गया।
सोमेश्वर (अल्मोड़ा), जेएनएन : तहसील के रौल्याणागूंठ गाव में शनिवार को मकान भरभरा कर गिर गया। पत्नी व बच्चों को तो सुरक्षित बाहर पहुंचा दिया गया, मगर छत के मलबे की चपेट में आकर गृहस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले स्वास्थ्य केंद्र कौसानी फिर जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
रौल्याणागूंठ निवासी कैलाश राम पुत्र दनी राम अपने परिवार के साथ अपने पुराने घर में मौजूद था। तभी अचानक मकान की छत का मलवा गिरने लगा। खतरा भांप कैलाश ने अपनी पत्नी दीपा देवी व दो बच्चे नेहा तथा काव्या को तत्परता से सुरक्षित बाहर भिजवा दिया। मगर जब खुद वहा से निकलने लगा तो जर्जर छत का पूरा मलबा उस पर आ गिरा। उसके हाथ व कमर में गंभीर चोट आई है। घायल के भाई मनोज कुमार व कुंदन राम उसे मलबे से निकाल सीएचसी कौसानी ले गए। वहा से उसे जिला अस्पताल अल्मोड़ा लाया गया। मनोज कुमार ने बताया कि कुछ ही दिन पहले इस पुराने मकान को छोड़ सभी दूसरे घर में चले गए थे। इस मकान को रसोईघर के रूप में प्रयोग में लाया जा रहा था। मकान जर्जर हालत में होने के कारण हादसा हुआ। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने कहा कि उसे हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।