कोरोना संक्रमण से बचाव को पालिका ने प्रशासन से मांगी मदद
अल्मोड़ा में कोरोना वायरस के संक्रमण से नगरवासियों को बचाने के लिए नगर पालिका ने प्रशासन से मदद मांगी है।
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : कोरोना वायरस के संक्रमण से नगरवासियों को बचाने के लिए नगर पालिका लगातार अपने संसाधनों से अभियान चलाए हुए है। पालिका जहां नगर के वार्डो के मोहल्लों को सेनिटाइज कर रही है, वहीं नालियों में कीटनाशक ब्लीचिंग पाउडर तथा चूने का भी छिड़काव किया जा रहा है। इधर, अब पालिका ने नगर के सभी वार्डो को बेहतर तरीके से सेनिटाइज करने के लिए प्रशासन को पांच लाख की डिमांड की है।
विदित हो नगर क्षेत्र 13 वार्डो में विभाजित है। जिसमें कोरोना वायरस के संक्रमण से वार्डवासियों को बचाने के लिए पालिका ने इन दिनों विशेष सफाई अभियान चलाया है। इसके तहत वार्डो के 84 मोहल्लों में अभियान शुरू कर दिया गया है। सभी वार्डो को सेनिटाइज किया जा रहा है। प्रमुख रास्तों में हाइड्रोक्लोराइड से स्प्रे की जा रही है। वहीं नालियों के इर्द-गिर्द ब्लीचिंग पाउडर तथा चूने का छिड़काव किया जा रहा है। अब पालिका ने नगर के सभी 13 वार्डो को सेनिटाइज करने के लिए प्रशासन से पांच लाख की डिमांड भेजी है।
----
पालिका ने नगर के वार्डो को सेनिटाइज करने के लिए 300 लीटर हाइड्रोक्लोराइड के साथ ही ब्लीचिंग पाउडर तथा चूना क्रय कर लिया है। जिससे नगर को सेनिटाइज किए जाने का कार्य किया जा रहा है। सभी वार्डो में बेहतर तरीके से सफाई कार्य का संचालन किया जा सके, इसके लिए पालिका ने जिला प्रशासन के आपदा मद से पांच लाख की डिमांड की है।
-प्रकाश चंद्र जोशी, पालिकाध्यक्ष, अल्मोड़ा