अगनेरी मंदिर में कथा श्रवण में मस्त हैं श्रद्धालु
गेवाड़ घाटी के प्रसिद्ध अगनेरी मैया मंदिर परिसर में गुरुवार को श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण का आनंद उठाया।
चौखुटिया, जेएनएन: गेवाड़ घाटी के प्रसिद्ध अगनेरी मैया मंदिर परिसर में गुरुवार को कथा श्रवण को श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ रही है। सातवें दिन भी पंडाल खचाखच भरा रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने कथा का रसास्वादन किया एवं संगीत की सुरलहरियों का आनंद लिया। व्यास गोबिंद दास ने कहा कि भक्तजनों को सच्चे मन से पौराणिक कथाओं का जरूर श्रवण करना चाहिए। इससे जीवन में सुख-शांति, शक्ति व वैभव की प्राप्ति होती है।
प्रसंग में व्यास ने गोवर्धन लीला, कंस वध, भगवान श्रीकृष्ण का मथुरा जाने समेत रूकमणी विवाह की कथाएं सुनाई। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का भी सरस बखान किया। कहा कि भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पूजा कर संपूर्ण प्राणियों को यह संदेश दिया कि
गाय के पूजन व सेवा से हमें सकल पदार्थ प्राप्त हो सकते हैं। कथा के बीच बीच में संगीत टीम के मधुर प्रेरक भजनों ने सभी को भक्तिभाव में डुबो दिया। शाम को श्रद्धालुओं ने आरती में सहभागिता कर कथा का प्रसाद ग्रहण किया। महिला मंडली के भजन-कीर्तनों ने खूब रंग जमाया। दरवान सिंह बिष्ट, जीवन सिंह, मदन सिंह नेगी, लक्ष्मण सिंह थापा, प्रकाश नैनवाल आदि ने सहयोग दिया।