दिव्यांग गरिमा का राष्ट्रीय हैंडीकैप बास्केटबॉल टीम में चयन
संवाद सहयोगी द्वाराहाट सड़क हादसे में कमर की चोट झेल रही अंतरर्राज्यीय एथलीट गरिमा जोशी
संवाद सहयोगी, द्वाराहाट : सड़क हादसे में कमर की चोट झेल रही अंतरर्राज्यीय एथलीट गरिमा जोशी के हौसले अभी भी बुलंद हैं। बीते गुरुवार को बंगलुरू में 100 मीटर व्हीलचेयर दौड़ जीत खुशिया मना ही रही थी कि शुक्रवार को उनका चयन राष्ट्रीय हैंडीकैप बास्केटबॉल टीम में होने पर खुशी दोगुनी हो गई। गरिमा की इस उपलब्धि को लोगों ने क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।
द्वाराहाट विकासखंड के छतगुल्ला निवासी गरिमा जोशी बचपन से ही खेलों में अव्वल रही। दो वर्ष पूर्व बंगलुरू में प्रतियोगिता में भाग लेने गई गरिमा सड़क हादसे का शिकार हो गई थी। उपचार के बाद अभी तक व्हीलचेयर के सहारे चहलकदमी करने वाली हिम्मती गरिमा का लगाव अभी भी खेलों से कम नहीं हुआ है। कई पुरस्कार जीत चुकी गरिमा ने शिक्षक दिवस के मौके पर बंगलुरू में हुई स्पाइनलकॉर्ड इंजरी डे के मौके पर 100 मीटर की दौड़ में भी अपना परचम लहराया। उनके पिता पूरन चंद्र जोशी ने बताया कि शुक्रवार को बेटी का चयन भारतीय महिला हैंडीकैप बास्केटबॉल टीम के लिए भी हो चुका है। गरिमा की उपलब्धि से खुश पिता ने राज्य सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि मुकम्मल इलाज की व्यवस्था न होने के कारण गरिमा अन्य प्रातों से खेलने को मजबूर है।