विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में चार पहिया वाहन के धक्के से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 23 Nov 2026 01:46 PM (IST)

वाराणसी के कोरौती गांव के पास एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से 23 वर्षीय चंदन पटेल की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

वाराणसी में तेज रफ्तार वाहन ने युवक को कुचला, मौत के बाद परिवार में मचा कोहराम।

वाराणसी में तेज रफ्तार वाहन ने युवक को कुचला, मौत के बाद परिवार में मचा कोहराम।

HighLights

  1. कोरौती गांव के पास वाहन की टक्कर से युवक की मौत।

  2. मृतक चंदन पटेल मेडिकल की तैयारी कर रहा था।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, चालक की तलाश जारी।

जागरण संवाददाता, (लोहता) वाराणसी। थाना क्षेत्र के कोरौती गांव के पास सोमवार की सुबह तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक चंदन पटेल 23 वर्ष  खेवसीपुर गांव का रहने वाला है। चंदन सोमवार सुबह किसी काम से कोरौती गांव के सामने से गुजर रहा था। तभी पीछे से आए एक चार पहिया वाहन ने उसे जोरदार धक्का मार दिया।

टक्कर इतनी तेज थी कि चंदन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे आनन-फानन में पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक के पिता का नाम चंद्रशेखर पटेल और माता का नाम गीता देवी है। चंदन दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। वह मेडिकल की तैयारी कर रहा था। बेटे की मौत से मां गीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिवार वालों का कहना है कि चंदन पढ़ाई में होनहार था और डॉक्टर बनकर परिवार का नाम रोशन करना चाहता था, लेकिन हादसे ने सारे सपने चकनाचूर कर दिया। थानाध्यक्ष पीयूष कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन का पता लगाकर चालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।