विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी में बोले योगी आद‍ित्‍यनाथ - 'नक्शे से नहीं, दिलों को जोड़ने वाले पुलों से बनता है राष्ट्र'

By Vikas OjhaEdited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 28 Nov 2026 01:48 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी तमिल संगमम में कहा कि राष्ट्र दिलों को जोड़ने वाले सांस्कृतिक पुलों से बनता है। यह आयोजन उत्तर और दक्षिण भारत के सदियों पुराने संबंधों को नई मजबूती दे रहा है, प्रधानमंत्री मोदी के 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' संकल्प को साकार कर रहा है।

काशी तमिल संगमम में योगी आदित्यनाथ का संबोधन: सांस्कृतिक सेतु से राष्ट्र निर्माण।

काशी तमिल संगमम में योगी आदित्यनाथ का संबोधन: सांस्कृतिक सेतु से राष्ट्र निर्माण।

HighLights

  1. राष्ट्र दिलों को जोड़ने वाले सांस्कृतिक पुलों से बनता है।

  2. काशी तमिल संगमम उत्तर-दक्षिण भारत के संबंधों को मजबूत कर रहा।

  3. इस बार थीम 'तिरुक्कुरल पालम' है, छात्र सहभागिता बढ़ी।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शन‍िवार को काशी तमिल संगमम में कहा कि राष्ट्र किसी एक नक्शे से नहीं बनता, बल्कि उन पुलों से बनता है, जो एक हृदय को दूसरे हृदय से जोड़ते हैं। काशी तमिल संगमम ऐसा ही सांस्कृतिक सेतु है, जो उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सदियों पुराने संबंधों को नई मजबूती दे रहा है।

काशी में गंगा बहती है तो तमिलनाडु में कावेरी, लेकिन दोनों के तटों पर बहने वाली संस्कारों की धारा एक ही है। भाषाएं अनेक हैं, पर भाव और संस्कृति एक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प को यह आयोजन साकार कर रहा है। मुख्यमंत्री शनिवार को नमो घाट पर काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में शुरू हुआ काशी तमिल संगमम अब एक आंदोलन बन चुका है। पहले जहां सैकड़ों अतिथि आते थे, वहीं अब हजारों विद्यार्थी, शिक्षक और शोधकर्ता इससे जुड़ रहे हैं। इस बार आयोजन की थीम 'तिरुक्कुरल पालम' यानी तिरुक्कुरल का अभ्यास करें रखी गई है। संत तिरुवल्लुवर के विचार पूरी मानवता को जीवन दर्शन देते हैं।

तिरुक्कुरल के तीन खंड अरम, पोरुल और इनबम धर्म, अर्थ और काम के सिद्धांतों को समझाते हैं। इस बार 1000 उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़कर छात्र सहभागिता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। तमिलनाडु के लगभग 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के विद्यालयों और महाविद्यालयों में तिरुक्कुरल पढ़ाएंगे। करीब 1400 अतिथि काशी के साथ प्रयागराज और अयोध्या का भी दर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि तमिलनाडु में तेनकाशी को दक्षिण की काशी कहा जाता है। आदि वीर पराक्रम पांड्या ने वहां काशी विश्वनाथ मंदिर का निर्माण कराया था। महर्षि अगस्त्य की तपस्या की स्मृति काशी के अगस्त्य कुंड से जुड़ी है। संत कुमारगुरुपर ने केदार घाट पर साधना की और कुमारस्वामी मठ की स्थापना की। महाकवि सुब्रमण्य भारती ने भी काशी में रहकर शिक्षा प्राप्त की। ये संबंध बताते हैं कि दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक धाराएं सदियों से एक-दूसरे से जुड़ी हैं।

उन्होंने कहा कि काशी में अब आस्था के साथ व्यवस्था भी है। काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद चार वर्षों में 26 करोड़ से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें करीब 70 प्रतिशत दक्षिण भारत के थे। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हुआ। पुजारी, दुकानदार, गाइड, होटल कारोबारी और कर्मचारियों सहित अनेक परिवारों की आजीविका इससे जुड़ी है।

योगी ने कहा कि काशी को ज्ञान, अध्यात्म, कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था के चार स्तंभों पर वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में काम हो रहा है। सड़क, रेल, हवाई, रोपवे और जलमार्ग से काशी को जोड़ने के साथ विरासत आधारित पर्यटन और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

काशी के विकास के चार स्तंभ
ज्ञान : बीएचयू और आइआइटी मद्रास की साझेदारी से शिक्षा, शोध और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिल रहा है।
अध्यात्म : काशी, प्रयागराज और अयोध्या का त्रिकोण बड़े आध्यात्मिक पर्यटन परिपथ के रूप में उभर रहा है।
कनेक्टिविटी : सड़क, रेल, हवाई, रोपवे और जलमार्ग से काशी को जोड़ने पर जोर है। देश की पहली शहरी रोपवे परियोजना और दो एलिवेटेड कॉरिडोर की मंजूरी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
अर्थव्यवस्था : विरासत आधारित पर्यटन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और आधुनिक संपर्क व्यवस्था के जरिये काशी को आर्थिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बनाने का लक्ष्य है।

तमिलनाडु में भी जीवंत है काशी की विरासत
तेनकाशी में आदि वीर पराक्रम पांड्या ने काशी विश्वनाथ मंदिर बनवाया।
महर्षि अगस्त्य की तपस्या की स्मृति काशी के अगस्त्य कुंड से जुड़ी है।
संत कुमारगुरुपर ने केदार घाट पर साधना की और कुमारस्वामी मठ स्थापित किया।
महाकवि सुब्रमण्य भारती ने काशी में रहकर शिक्षा प्राप्त की।
मट्टुकोट्टई चेट्टियार समाज करीब 200 वर्षों से बाबा विश्वनाथ की पूजा सामग्री पहुंचाने की परंपरा निभा रहा है।

तमिल परंपरा का प्रतीक सेंगोल संसद में
मुख्यमंत्री ने नई संसद में स्थापित पवित्र सेंगोल का उल्लेख करते हुए कहा कि तमिल अधीनम के संतों के मार्गदर्शन में इसे सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक के रूप में स्थापित किया गया। यह भारतीय लोकतांत्रिक और सांस्कृतिक परंपरा में तमिल विरासत के महत्व को दर्शाता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।