विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 02, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गंगा अवतरण दिवस पर कन्या पूजन कर बेटी बचाओ का पैगाम

By Ashish MishraEdited By:
Published: Fri, 02 Jun 2017 01:19 PM (IST)

चार जून को गंगा दशहरा पर गंगा के प्रतीक रूप में 1100 कन्याओं का पूजन करेगी। अनूठे महाअनुष्ठान में विभिन्न प्रांतों से जुटे किन्नर समाज के लोग गंगा समेत बेटियों के प्रति श्रद्धा दिखाएंगे।

गंगा अवतरण दिवस पर कन्या पूजन कर बेटी बचाओ का पैगाम
गंगा अवतरण दिवस पर कन्या पूजन कर बेटी बचाओ का पैगाम

वाराणसी [प्रमोद यादव] । देवाधिदेव महादेव की दुलारी गंगा के प्रति उनकी नगरी काशी जन-जन के मन में बेटी का भाव भरेगी। चार जून को गंगा दशहरा पर गंगा के प्रतीक रूप में 1100 कन्याओं का पूजन करेगी। अनूठे महाअनुष्ठान में विभिन्न प्रांतों से जुटे किन्नर समाज के लोग गंगा समेत बेटियों के प्रति श्रद्धा दिखाएंगे। नृत्य-गीत के जरिए गंगा-गौरी की समृद्धि की कामना करेंगे और लोगों के मन में गंगा-गौरी के प्रति सरोकार जगाएंगे।गंगा अविरलता-निर्मलता को लेकर वर्षों से किए जा रहे प्रयासों को धार न मिलने से व्यथित गंगा महासभा ने यह बीड़ा उठाया है।

इसके लिए गंगा दशहरा को तीन दिनी गंगा अवतरण महोत्सव के रूप में मनाने का खाका खींचा गया है। इसमें गंगा की अविरलता-निर्मलता, बेटी बचाओ -बेटी पढ़ाओ और कन्या भ्रूण हत्या पर लगाम जैसे मुद्दे समाहित हैं। इसके पीछे चिंता यह कि आखिर कई प्रयास के बाद भी यह संकल्प आगे क्यों नहीं बढ़ रहे। महामना मदनमोहन मालवीय द्वारा 1916 में स्थापित गंगा महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती का इसके पीछे तर्क है कि आप अपनी बेटियों के लिए सुख-सुविधा और आजादी चाहते हैं तो फिर हिमालय की बेटी गंगा के लिए क्यों नहीं। ध्यान दिलाते हैं-समाज कानून से नहीं सरोकार से चलता है।

ऐसे में गंगा रक्षा के प्रयासों को भी इसी रूप में आकार देना होगा। इसका ख्याल रखते हुए उपेक्षित समाज को एक मंच पर लाते हुए आयोजन का खाका खींचा गया है। महोत्सव का आरंभ गंगा दशहरा की पूर्वसंध्या पर तीन जून को अस्सी घाट के पास 'एक शाम मां गंगा के नाम कवि सम्मेलन से होगा। गंगा दशहरा की सुबह जाह्नवी स्वरूप 11 सौ बेटियों का पूजन आदि अनुष्ठान किए जाएंगे। उन्हें दक्षिणा में स्कूल बैग और पाठ्य सामग्री दी जाएगी ताकि बिटिया पढ़े और आगे बढ़े।

शाम को गंगा आरती व दिव्यांग कलाकार नृत्य-गीत के साथ ही नाटिका में गंगा के अवतरण से लेकर अब तक का हाल दिखाएंगे। पांच जून की सुबह काशी के विद्वान भारतीय दर्शन में निहित पर्यावरणीय दृष्टिकोण सबके सामने रखेंगे और शाम को देशभर से जुटे किन्नर कलाकार उद्देश्यों को गीत-नृत्य से धार देंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद, केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय, इंद्रेश कुमार समेत देश-प्रदेश के जनप्रतिनिधियों व अफसरों को भी बुलाया गया है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।